वेनेजुएला और फिलीपींस के बाद अफगानिस्तान में भूकंप से हड़कंप मच गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई। अफगानिस्तान के अलावा इस भूकंप के झटके पाकिस्तान और भारत में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तक महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक अफगानिस्तान में आए भूकंप की तीव्रता 6.2 रही। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप का केंद्र पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में जुर्म से 43 किमी दक्षिण में था।
यह भी पढ़ें: भारत ने शुरू किया 'ऑपरेशन अमिस्ताद', एयरफोर्स के 2 विमानों से वेनेजुएला भेजी मदद
पाकिस्तान के कई शहरों में मचा हड़कंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप शाम 7 बजकर 4 मिनट पर आया। इसका केंद्र जमीन के भीतर 215 किमी अंदर फैजाबाद से 74 किमी दक्षिण में था। अफगानिस्तान के अलावा पाकिस्तान के कई इलाकों में भूकंप से हड़कंप मच गया। खैबर पख्तूनख्वा में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद, लाहौर और फैसलाबाद में भी लोगों में दहशत देखने को मिली। स्वात में लोग अपने घरों से बाहर निकले। बड़ी संख्या में बच्चों और महिलाओं को रोते-बिलखते देखा गया।
यह भी पढ़ें: पहले महिला को मारा चाकू, बाद में शख्स ने खुद को कार में बंद कर बम से उड़ाया
वेनेजुएला में भूकंप से बड़ी तबाही
25 जून को लैटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप ने भीषण तबाही मचाई। अभी तक 920 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 50 हजार से अधिक लोग घायल हैं। अस्पताल मरीजों से भरे पड़े हैं। आशंका है कि इमारतों के मलबे में बड़ी संख्या में लोग दबे हैं। कई देशों ने राहत एवं बचाव टीमें भेजी हैं, ताकि मलबे में फंसे लोगों को बचाया जा सके। शुक्रवार को फिलीपींस में भी 6.5 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार को ही पांच बार धरती हिली।


