कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। हाल ही में उन्होंने शिकागो यूनिवर्सिटी में एक संवाद में हिस्सा लिया। इसी दौरान उनसे पूछा गया एक सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है। उनसे पूछा गया था कि जब भारत की चुनाव व्यवस्था को लेकर उनके मन में इतने सवाल हैं और उन्हें गड़बड़ी लगती है तो वह चुनाव का बायकॉट क्यों नहीं कर देते? इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि बिना 100 प्रतिशत सबूत के वह नहीं कह सकते कि गड़बड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर पूरा विपक्ष कह दे कि वह चुनाव नहीं लड़ेगा तो उसी वक्त भारत का लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि अब चुनाव आयोग के कई अधिकारी भी कहने लगे हैं कि ये सब बहुत दिन नहीं चल सकता है। उन्होंने यह भी कहा वह सिर्फ यही कोशिश कर रहे हैं कि जनता को इस बात का एहसास हो कि पूरी चुनाव व्यवस्था बर्बाद कर दी गई है। राहुल ने यह भी कहा कि इसके बावजूद वह पूरी चुनावी व्यवस्था को खत्म नहीं करना चाहते हैं क्योंकि फिर जनता की नजर ये सब बेमानी हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: योगी के गढ़ गोरखपुर में अखिलेश की दस्तक, ब्राह्मण वोटों पर नई सियासी जंग
क्या बोले राहुल गांधी?
चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, '2014 के चुनाव में ही हमें लगा कि कुछ तो गड़बड़ है क्योंकि मार्जिन ऐसा था जो किसी को समझाया नहीं जा सकता। हमने कुछ नहीं कहा क्योंकि हमारे पास कोई सबूत नहीं था। जब मुझे सबूत मिला और मैंने उसे अपनी पार्टी के नेताओं के सामने रखा। तब उन्होंने कहा कि ये सब मत कहो।'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्यों जाना चाहते हैं CM भगवंत मान? विदेश मंत्रालय से मांगी इजाजत
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हमारे लिए भारत का लोकतंत्र पवित्र है। मेरे लिए यह कहना भी कठिन है कि भारत के लोकतंत्र में समस्या है। बिना 100 प्रतिशत, 200 प्रतिशत, 300 प्रतिशत सबूत के यह कहना बहुत कठिन है। अगर हम कह दें कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे तो हम उसी वक्त भारत के लोकतंत्र को खत्म कर देंगे।'
इस खबर को अपडेट किया जा रहा है।
