अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की दुनियाभर में चर्चा है। हर कोई यह बात करने में जुटा है कि युद्ध कब शुरू होगा? मगर मध्य-पूर्व में सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच चल रही जंग की उतनी चर्चा नहीं है, जबकि हूती विद्रोही अपनी सीमित क्षमताओं के साथ रियाद को बड़ा जख्म देने में जुटे हैं। अमेरिका और इजरायल ने जब 28 फरवरी को ईरान हमला किया तो दुनिया दो धड़ों में बंट गई।
मिनाब में स्कूल पर मिसाइल से हमला और 120 बच्चियों की मौत से दुनियाभर में ईरान के प्रति सहानुभूति की नई लहर पैदा हुई। ईरानी नेताओं और वहां के लोगों ने अपनी सरकार के प्रति एकजुटता दिखाई। दुनियाभर में मौजूद ईरानी दूतावासों ने अमेरिका का मजाक उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
अमेरिका को मिलिट्री बेस देने वाले देशों पर हमला करके तेहरान ने पूरे मध्य-पूर्व में दबाव बनाने की नई रणनीतिक कहानी लिखी। होर्मुज बंद करके दुनियाभर के देशों को अमेरिका पर दबाव डालने पर मजबूर किया।
यह भी पढ़ें: एलिस हुआंग ने जेन्सेन के साथ कैसे किया खेल, चीन तक कैसे पहुंचाई Nvidia चिप्स?
उन घरों, संस्थानों, स्कूल, कॉलेजों की तस्वीरें और वीडियो जारी कीं, जिन्हें इजरायल और अमेरिका ने निशाना बनाया था। इससे दुनियाभर में ईरान के प्रति लोगों का नजारिया बदला। यहां तक कि अमेरिका में ही डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की आलोचना होने लगी। सोशल मीडिया पर सहानुभूति का दांव तेहरान के लिए फायदेमंद साबित हुआ।
दुनियाभर में अमेरिकी हमलों की आलोचना होने लगी। हर जगह ईरान जंग की चर्चा होने लगी। जंग के कारण ऊर्जा संकट खड़ा हुआ। दुनियाभर के देशों में ईंधन की कीमतें आसमान छूने लगीं। लंबी-लंबी कतारें लगने लगीं। ऊर्जा संकट ने पहली बार दुनिया को ईरान युद्ध का असली प्रभाव दिखाया। लोगों की रसोई और रोजमर्रा जीवन तक युद्ध की आंच पहुंची। नतीजा यह हुआ कि जंग की हर घर और हर गली में चर्चा होने लगी।
सऊदी अरब पर क्यों नहीं जा रहा दुनिया का ध्यान?
हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब नैरेटिव गढ़ने में मात खा रहा है। हूतियों के पास सऊदी अरब पर दबाव डालने की रणनीतिक बढ़त है। वे चाहें तो लाल सागर बंद करके न केवल रियाद बल्कि दुनिया की टेंशन बढ़ा सकते हैं, लेकिन सऊदी अरब अपने कदमों से वैश्विक स्तर पर कोई असर डालने की स्थिति में नहीं दिख रहा है। यही कारण है कि रियाद में क्या हो रहा? इससे दुनिया को खास फर्क नहीं पड़ रहा है।
हूती विद्रोही सऊदी अरब के बुनियादी ढांचे, बिजली संयंत्र, तेल संयंत्र, पाइप लाइन, पोर्ट्स और बिजनेस सेंटर पर लगातार हमले कर रहे हैं। मगर सऊदी अरब में भारी सेंसरशिप होने के कारण इन हमलों से जुड़ी तस्वीरें, कितना नुकसान हुआ, कितने लोगों की जान गई और कितने चोटिल हैं... इनके बारे में बहुत कम जानकारी बाकी दुनिया को मिल पाती है।
सोशल मीडिया पर सऊदी अरब अपने ऊपर हो रहे हमलों का उस तरह से नैरेटिव नहीं गढ़ पा रहा है जैसा ईरान ने गढ़ा था। शायद इसके पीछे सऊदी अरब की इमेज आड़े आ रही है। रियाद नहीं चाहता है कि उसकी ऐसी इमेज बने जिससे दुनियाभर में यह संदेश जाए कि सऊदी अरब सुरक्षित नहीं है, क्योंकि रियाद ने अपनी इमेज को गढ़ने में भारी भरकम निवेश कर रखा है, जबकि हूती विद्रोही सऊद परिवार के किले को ढहते देखना चाहते हैं।
रियाद के लिए नैरेटिव की लड़ाई लड़ना क्यों जरूरी?
वर्तमान में युद्ध के मैदान से भी बड़ी लड़ाई नैरेटिव की है। इसे भी जितना उतना ही जरूरी है जितना जंग को। अगर सऊदी अरब को दुनियाभर में अपने पक्ष में हवा बनानी है, सहानुभूति बटोरनी है, दुनियाभर के देशों को बड़ा कदम उठाने पर मजबूर करना है तो उन जगहों और ठिकानों को दिखाना और प्रचारित करना होगा। वैश्विक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया को बताना होगा।
कुछ ऐसे कदम उठाने होंगे, जिससे न केवल यमन, बल्कि पूरी दुनिया पर उसका असर पड़े। जब दुनिया प्रभावित होगी तो जंग को रोकने के कदम उठाएं जाएंगे। हूती से बातचीत होगी या दबाव डाला जाएगा। वरना दुनिया इसे भी ठीक वैसे ही भूला देगी, जैसे सूडान गृह युद्ध को भूला दिया है।
हूती विद्रोहियों के निशाने पर सऊदी का बुनियादी ढांचा
हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के गठबंधन वाले सैन्य गुट के बीच यमन में नियंत्रण की जंग जारी है। सऊदी समर्थित सेनाओं ने होदेइदाह पोर्ट पर हमला किया। यह पोर्ट हूती विद्रोहियों के रसद और हथियार आपूर्ति का अहम ठिकाना है। हमले के जवाब में हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के जजान प्रांत में एक पावर प्लांट को निशाना बनाया। राजधानी रियाद में एक बहुमंजिला टावर को टारगेट किया। सऊदी अरब के पोर्ट को खाली करने और हमले की धमकी दी।
यह भी पढ़ें: भारत की बढ़ती ताकत से परेशान चीन? पाक को हथियार दिया; US रिपोर्ट में दावा
क्या सऊदी अरब के अंदर घुसे हूती?
सऊदी अरब के सामने हूती विद्रोही किसी भी हाल में झुकते नहीं दिख रहे हैं। अब खबर आ रही है कि हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की कुछ जमीन पर कब्जा कर लिया है। लड़ाके और भी आगे बढ़ रहे हैं। अमेरिका के दिग्गज पॉडकास्टर टकर कार्लसन ने दावा किया कि सऊदी अरब की जमीन पर हूती विद्रोही हैं। अब ये विद्रोही रियाद को धमका रहे हैं।
यमन के भीतर चल रही भीषण जंग
यमन में भीषण जंग जारी है। शनिवार को यमन के सुरक्षा बलों ने बताया कि पिछले 24 घंटे में हूती विद्रोहियों के खिलाफ 816 ऑपरेशनों को अंजाम दिया गया। इसमें 149 फील्ड कमांडर और फाइटर्स को मार गिराया गया। सरकारी बलों ने 71 सैन्य वाहनों और उपकरणों को नष्ट करने का दावा किया। ऑपरेशनों में 65 ड्रोन हमले, 38 रॉकेट अटैक, 14 हवाई हमले और 699 आर्टिलरी स्ट्राइक शामिल हैं।
