अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छठे दिन भी युद्ध जारी है। पूरे ईरान में बमबारी हो रही है। अब तक 1230 लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच इजरायली सेना ने तेहरान में हमलों की नई लहर शुरू करने का ऐलान किया है। उधर, ईरान ने गुरुवार को भी अबू धाबी पर ड्रोन हमला किया। हालांकि इसे रोक लिया गया। मगर मलबा गिरने से पाकिस्तानी और नेपाली नागरिकों को चोट आई है।
इजरायली सेना ने बताया कि उसने अभी तक ईरान पर 5000 से अधिक बमों की बारिश की है। आने वाले एक या दो हफ्तों तक स्ट्राइक की योजना है। बुधवार को ही 100 से अधिक लड़ाकू विमानों से पूर्व तेहरान स्थित सैन्य ठिकानों पर 250 से अधिक बमों से हमला किया गया।
ईरानी मीडिया के मुताबिक तेहरान का आजादी स्टेडियम को हमले में तबाह कर दिया गया है। 12,000 सीटों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच होते थे। स्टेडियम के अलावा इजरायल ने सरकारी इमारतों, सैन्य ठिकानों और पुलिस थानों को भी निशाना बनाया। ईरान की तसनीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि ईरानी सेना ने करमानशाह प्रांत के कसर-ए-शिरिन के ऊपर एक हर्मेस ड्रोन को मार गिराया है।
यह भी पढ़ें: 5000 डॉलर के लिए ट्रंप और बाइडेन की हत्या की साजिश कर रहा था पाकिस्तानी?
ईरान का दावा- अमेरिका के 20 ठिकानों पर हमला किया
आईआरजीसी ने कुवैत, बहरीन और यूएई में अमेरिकी के 20 ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया। यह भी कहा कि एक अमेरिकी तेल टैंकर को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया है। कतर की राजधानी दोहा के ऊपर कई धमाकों की आवाज सुनी गई है। इस बीच वहां की सरकार ने लोगों को बड़ा अलर्ट भेजा है। इस बीच बहरीन डिफेंस फोर्स ने बताया कि अब तक 75 मिसाइलों और 123 ड्रोन को नष्ट किया गया है।
ईरान की हमलों की रफ्तार धीमी पड़ी
इजरायल की सेना का दावा है कि ईरान के मिसाइल हमलों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बुधवार रात को सभी ईरानी मिसाइलों को निष्क्रिय कर दिया गया था। गुरुवार को एक मिसाइल मध्य इजरायल में एक खाली स्थान में गिरी। इससे किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। गुरुवार को ईरान ने कोई भी ड्रोन हमला नहीं किया है। ईरान की सेना ने इजरायल में ड्रोन हमले का दावा किया, मगर इजरायली सेना का कहना है कि गुरुवार को कोई ड्रोन हमला नहीं हुआ है। इजरायल ने रडार बेस उड़ाने के ईरानी दावे का खंडन किया।
यह भी पढ़ें: क्या परमाणु हमला होगा? मिनटमैन III मिसाइल टेस्ट के बाद उठ रहे सवाल
कुर्द बलों पर ईरान ने किया हमला
ईरान की सेना ने गुरुवार को इराक के कुर्दिस्तान में स्थित कुर्द बलों पर हमला किया है। यह कदम उस वक्त उठाया गया है जब चर्चा है कि कुर्द लड़ाके पश्चिमी सीमा से ईरान पर हमला कर सकते हैं। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अमेरिका कुर्द बलों के सहारे जमीनी हमले की तैयारी में जुटा है। तेहरान ने अपने बयान में दावा किया है कि इराकी कुर्दिस्तान में स्थित कुर्द बलों के मुख्यालय को तीन मिसाइलों से निशाना बनाया गया है। कुर्दों के पास हजारों की संख्या में लड़ाके हैं। अगर वह अमेरिका की सहायता से जमीनी हमला बोलते हैं तो यह बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकते हैं।
ईरान ने दी बड़ी धमकी
ईरान की सेना ने इजरायल को एक नई धमकी दी है। इसके मुताबिक अगर अमेरिका और इजरायल तेहरान में सत्ता परिवर्तन की कोशिश करते हैं तो अपनी जवाबी कार्रवाई में ईरान इजरायल के दिमोना परमाणु स्थल पर हमला करेगा। बता दें कि इजरायल ने अभी तक परमाणु हथियार होने की बात स्वीकार नहीं की है। मगर दिमोना शहर के पास स्थित शिमोन पेरेस नेगेव परमाणु अनुसंधान केंद्र इजरायल के परमाणु कार्यक्रम का अहम अड्डा है।
