युद्ध शुरू होने के 39वें दिन अमेरिका और इजरायल ने पहली बार ईरान के रेल नेटवर्क को निशाना बनाया है। वहीं खार्ग द्वीप पर तेल निर्यात केंद्र और सैन्य ठिकानों पर भीषण बमबारी की भी खबर है। दूसरी तरफ ईरान भर में पुलों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया गया है। कोम शहर के बाहर स्थित एक पुल को अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में तबाह कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार रात भर अमेरिका और इजरायल की सेना ने तेहरान में भीषण बमबारी की। यहां के मेहराबाद एयरपोर्ट पर भी हमला किया गया है। खोरमाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अलावा एक अन्य एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया है। यहां खड़े हेलीकॉप्टर और विमानों को नष्ट किया गया है। तेहरान में ही एक यहूदी प्रार्थना स्थल बमबारी में पूरी तरह से नष्ट हो गया है। शिराज और इस्फहान जैसे शहरों से भीषण बमबारी की खबर आ रही है। रातभर हुई बमबारी में 15 लोगों की जान गई है।
यह भी पढ़ें: 'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी', ट्रंप की ईरान को सबसे भयानक धमकी
इजरायल ने उड़ाया रेलवे पुल
इजरायल की सेना ने मंगलवार रात 9 बजे तक लोगों से ट्रेन से यात्रा न करने की अपील की, ताकि उन्हें किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। यह हमला इजरायली सेना द्वारा ईरानियों को स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे (17:30 जीएमटी) तक अपनी "सुरक्षा" के लिए ट्रेनों का उपयोग न करने की चेतावनी जारी करने के बाद हुआ है। चेतावनी के कुछ देर बाद ही इजरायल ने ईरान के काशान में एक रेलवे पुल को उड़ा दिया। इसमें 2 लोगों की जान गई है। ईरान ने जवाब में विध्वंसक कार्रवाई की बात कही है। उधर, ईरान ने मशहद में रेलवे सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एहतियाती कदम के तौर पर सभी ट्रेनों को रद्द किया गया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी।
ईरान ने तबाही मचाने की धमकी दी
अमेरिका और इजरायल के बढ़ते हमलों के बीच ईरान ने खाड़ी देशों में तबाही मचाने की धमकी दी है। माना जा रहा है कि अगर ईरान पर भारी बमबारी हुई तो वह खाड़ी देशों पर हमला करके बड़ा जवाब देने की कोशिश करेगा। मंगलवार को ऐसी ही एक प्रतिक्रिया देखने को मिली। शिराज शहर में इजरायल ने एक पेट्रोकेमिकल परिसर पर हमला किया। आईआरजीसी ने कहा कि उसने सऊदी अरब के जुबैल क्षेत्र में स्थित पेट्रोकेमिकल सुविधाओं पर जवाबी हमला किया है। यहां अमेरिकी कंपनियों सदरा, एक्सॉनमोबिल और डार्क केमिकल पर मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया है।
पुल और रेलवे पर हमला क्यों?
इजरायली मीडिया के मुताबिक ईरान भर में इजरायल ने 10 से अधिक पुलों और रेलवे ढांचे को निशाना बनाया। कराज और कजविन में रेललाइन को निशाना बनाया गया। काशान, तब्रीज-जंजन में पुलो को उड़ाया गया है। अमेरिकी आर्मी रेडिया ने बताया कि पुलों और रेलवे को इसलिए निशाना बनाया गया, ताकि ईरान की हथियार एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की क्षमता नष्ट हो जाए।
यह भी पढ़ें: खार्ग आईलैंड पर अमेरिका का हमला, ईरान बोला- संयम का समय खत्म
कुवैत में ईरानी हमले में 15 अमेरिकी घायल
ईरान के अल्बोरज प्रांत में आवासीय इलाके पर हुए हमले में दो बच्चों समेत 18 लोग मारे गए हैं। तेहरान प्रांत के शाहरियार शहर में भी नौ लोगों की जान गई है। उधर, कुवैत में ईरानी हमले में अली अल सलेम हवाई अड्डे पर 15 अमेरिकी नागरिक घायल हुए हैं। इजरायल के हाइफा शहर में ईरानी मिसाइल हमले में चार लोगों की जान गई है। सऊदी अरब की सेना ने दावा किया है कि उसने मंगलवार को 18 ड्रोन रोके हैं। ईरान की धमकी के बाद सऊदी अरब और बहरीन को जोड़ने किंग फहद कॉजवे पुल को बंद कर दिया गया है।
