इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) के संस्थापक ललित मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि उन्हें आधिकारिक रूप से ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है। ललित मोदी के मुताबिक उन्हें यह नागरिकता 15 सितंबर 2026 को मिली थी। उन्होंने इसे अपने जीवन का बेहद निजी और गर्व का पल बताया। अब उनकी भारत वापसी की राह और मुश्किल हो गई है।
ललित मोदी ने ऑक्सफोर्ड यूनियन को संबोधित करते हुए यह खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि नागरिकता मिलने के मौके पर एक खास समारोह हुआ था, जिसमें उनके परिवार और दोस्त मौजूद थे। ललित मोदी को भारत ने भगोड़ा घोषित किया है। उन्हें वित्तीय अपराधियों की सूची में रखा गया है। एजेंसियां उन्हें वापस लाने की कानूनी लड़ाई लड़ रहीं हैं।
यह भी पढ़ें: 'ना किसी ने पूछा, ना मैं बिग बॉस में जा रहा', फर्जी खबर ललित मोदी ने भेजा नोटिस
ब्रिटेन को बताया अपना घर
ललित मोदी ने कहा कि ब्रिटेन कई सालों से उनका घर रहा है। उन्होंने इस देश के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं और मूल्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश नागरिक बनना एक सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी है। उनके मुताबिक वह इसे गर्व, आभार और अपनेपन की सच्ची भावना के साथ स्वीकार करते हैं।
अब ब्रिटेन के लिए करेंगे काम
ललित मोदी ने यह एलान सोशल मीडिया पर भी किया है। अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी का सफर अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से बना है। वह आगे भी उस देश में अच्छा योगदान देना चाहते हैं, जिसे वे अब गर्व से अपना घर कहते हैं।
यह भी पढ़ें: 'सुनंदा पर मत बोलो वरना रेड करवा दूंगा', ललित मोदी को शशि थरूर ने दी थी धमकी?
ललित मोदी ने नागरिकता पर क्या कहा?
ललित मोदी ने परिवार, दोस्तों और ऑक्सफोर्ड यूनियन का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि यह घोषणा किंग चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन पर करना उनके लिए खास रहा। पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा, गॉड सेव द किंग।
कौन हैं ललित मोदी?
ललित कुमार मोदी देश के बड़े कारोबारी घराने से आते हैं। उनके दादा गुजरमल मोदी ने मोदी ग्रुप की नींव रखी थी और पिता केके मोदी ने कारोबार को आगे बढ़ाया। ललित मोदी ने अमेरिका के पेस यूनिवर्सिटी और ड्यूक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की, लेकिन किसी से डिग्री नहीं ली। भारत लौटकर वह परिवार के कारोबार से जुड़े और गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया में कार्यकारी निदेशक रहे।
कारोबार के बाद उन्होंने क्रिकेट प्रशासन में कदम रखा। वह राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और BCCI के उपाध्यक्ष रहे। साल 2008 में उन्होंने IPL की शुरुआत कराई और 2010 तक इसके चेयरमैन और कमिश्नर रहे।
2010 में BCCI ने उन्हें वित्तीय गड़बड़ियों के आरोपों में निलंबित किया और 2013 में आजीवन प्रतिबंध लगा दिया। वह भारत में भगोड़ा करार कर दिए गए हैं। ललित मोदी इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। इसके बाद वह लंदन में रहने लगे। उनकी पत्नी मीनल का 2018 में कैंसर से निधन हो चुका है और उनके दो बच्चे हैं। अब वह ब्रिटिश नागरिक हैं।
