फ्रांस के स्ट्रासबर्ग शहर में यूरोपीय संसद के मुख्यालय में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक नग्न प्रतिमा लगाई गई है। 8.5 फुट ऊंची इस प्रतिमा को डेनमार्क के कलाकार जेन्स गैल्शियोट ने तैयार किया है। तांबे से बनी ट्रंप की इस प्रतिमा पर 23 कैरेट सोने की पतली परत चढ़ाई गई है। उन्हें 'अन्याय का बादशाह' बताया गया है। 

 

ट्रंप का मजाक उड़ाती प्रतिमा को 'ऑरेंज प्लेग' नाम दिया गया है। प्रतिमा को बनाने वाले कलाकार का मानना है कि डोनाल्ड ट्रंप जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों में सबसे बड़ी बाधा है। इसी के विरोध में प्रतिमा तैयार की गई है।

 

यह भी पढ़ें: 'आतंक का राक्षस अब खुद उसे खा रहा..', UN में भारत ने पाकिस्तान को सुनाया

'अन्याय का बादशाह'

प्रतिमा में डोनाल्ड ट्रंप को एक दुबले-पतले शख्स के कंधे पर बैठे दिखाया गया है। ट्रंप का शारीरिक बनावट विशाल है। दुबला-पतला आदमी उनके भार से दबा जा रहा है। ट्रंप के एक हाथ में तराजू और दूसरे हाथ में गोल्फ क्लब है। नीचे शख्स के पैरों के पास पृथ्वी के आकार की गेंद रखी है। प्रतिमा के बगल में रखे कार्ड में ट्रंप को 'अन्याय का बादशाह' बताया गया है।

 

ट्रंप के मूर्ति के बेस पर लिखा है, 'मैं एक आदमी की पीठ पर बैठा हूं। वह मेरे बोझ तले दब रहा है। मैं उसकी मदद के लिए कुछ भी करूंगा। सिवाय उसकी पीठ से नीचे उतरने के।'

तुर्की में प्रदर्शित करने की तैयारी

'द ऑरेंज प्लेग' को यूरोप के अन्य शहरों के अलावा ब्राजील के बेलेम में आयोजित COP30 संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन में भी प्रदर्शित किया गया था। अगले महीने तुर्की के अंताल्या में आयोजित होने वाले COP31 में भी प्रदर्शन करने की योजना है। 

क्यों चढ़ाई गई सोने की परत?

प्रतिमा को सोने की परत क्यों चढ़ाई गई? इसका जवाब कलाकार जेन्स गैल्शियोट खुद देते हैं। उनका कहना है कि ट्रंप को सोना पसंद है। मुझे लगता है कि उन्हें यह मूर्ति भी पसंद आएगी। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ने अभी तक अपनी नग्न मूर्ति पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

 

यह भी पढ़ें: सायेरत मटकल: दुश्मन को घर में घुसकर मारने वाली इजरायल की सीक्रेट यूनिट

कहां से मिली मूर्ति बनाने की प्रेरणा

जेन्स गैल्शियोट का कहना है कि उन्हें हैंस क्रिश्चियन एंडरसन की कहानी 'द एम्परर्स न्यू क्लोथ्स' से ट्रंप की नग्न मूर्ति बनाने की प्रेरणा मिली। इस कहानी में एक घमंडी सम्राट होता है, जो शहर में नग्न होकर घूमता है। 

 

जेन्स गैल्शियोट का आरोप है कि डोनाल्ड ट्रंप के पर्यावरण नियम वैश्विक व्यवस्था के लिए खतरे हैं। वे उन सभी चीजों को खत्म करना चाहते हैं, जिन पर उनका विश्वास नहीं है। ट्रंप की इस प्रदर्शनी का आयोजन डेनमार्क की समाजवादी रेड-ग्रीन एलायंस पार्टी के सदस्य और यूरोपीय संसद के सदस्य क्लॉसन ने किया है।