इजरायल का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा? यह तस्वीर अभी तक साफ नहीं हो पाई है। नेतन्याहू की पार्टी लिकुड और विपक्ष के नेता गादी आइजेनकोट की याशर पार्टी के बीच बातचीत बेनतीजा रही है। एक संयुक्त बयान में दोनों दलों ने कहा कि नेतन्याहू और आइजेनकोट के बीच बैठक बिजनेस मीटिंग जैसी रही। कोई बड़ी सफलता नहीं मिली। आगे भी मीटिंग करने पर कोई फैसला नहीं लिया गया।
इजरायली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दोनों दलों के बीच गंभीर मतभेद बने हैं। इसी कारण से आगे भी मीटिंग न करने का फैसला लिया गया है। एक दिन पहले ही बेजामिन नेतन्याहू ने आइजेनकोट को रोटेशन सरकार बनाने का प्रस्ताव दिया था। इसके तहत आइजेनकोट को पहले दो साल प्रधानमंत्री बनाया जाता। जबकि नेतन्याहू दूसरे नंबर पर बतौर प्रीमियर काम करते। दो साल बाद नेतन्याहू को प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव था।
यह भी पढ़ें: बढ़ सकतीं हैं Nvidia के CEO हुआंग की मुश्किलें, तीन कमेटियां करेंगी पूछताछ
नेतन्याहू के समर्थन में बेनेट
लिकुड और याशर पार्टी के बीच रविवार को हुई बैठक में कोई सहमति नहीं बनी है। उधर, नेतन्याहू के विरोधी नफ्ताली बेनेट ने खुलकर लिकुड के साथ सरकार बनाने का समर्थन किया और कहा कि नेतन्याहू का प्रस्ताव अच्छा है।
नफ्ताली बेनेट की पार्टी से चल रही बातचीत
अब खबर आ रही है कि गादी आइजेनकोट की पार्टी नफ्ताली बेनेट के गठबंधन बी'याचद के साथ भी बातचीत कर रही है। बेनेट के गठबंधन के पास 12 सीटें हैं। बेनेट लिकुड पार्टी के साथ मिलकर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने के पक्षधर हैं।
यह जानना जरूरी है कि नफ्ताली बेनेट ने 2025 में 'बेनेट 2026' नाम से एक अलग पार्टी बनाई है। उन्होंने लैपिड की 'येश अतीद' के साथ मिलकर 'बी'याचद' गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा। मोर्चे को 12 सीटों पर जीत मिली। इनमें से 7 सीटों पर बेनेट की पार्टी जीती है।
नेतन्याहू पर बयान देकर कैसे घिरे बेनेट?
'नेतन्याहू का प्रस्ताव अच्छा है' कहने पर बेनेट की आलोचना हो रही है। इजरायल के राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि 2021 में नेतन्याहू ने यही प्रस्ताव उनको दिया था, तब बेनेट ने इसे खारिज कर दिया था।
दरअसल, 2021 में नफ्ताली बेनेटे की राइट-विंग नेशनलिस्ट पार्टी 'यामिना' ने आम चुनाव में 7 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस वक्त इजरायल में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और याइर लैपिड की 'येश अतीद' के बीच सत्ता की लड़ाई चल रही थी। बेनेट किंगमेकर की भूमिका में थे। तब नेतन्याहू और लैपिड दोनों ने बेनेट को सरकार बनाने का ऑफर दिया था। बाद में बेनेट ने लैपिड के साथ मिलकर सरकार बनाई और इजरायल के प्रधानमंत्री बने थे।
नेतन्याहू ने कब-कब बनाई राष्ट्रीय एकता सरकार?
अब तक बेंजामिन नेतन्याहू दो बार राष्ट्रीय एकता सरकार बना चुके हैं। पहली बार साल 2012 में एक बड़े गठबंधन के तहत सरकार का गठन किया था। इसके बाद 2020 में बेनी गांत्ज के साथ मिलकर रोटेशन सरकार बनाने पर सहमति बनी थी।
यह भी पढ़ें: न्यूक्लियर पावर क्यों बनना चाहता है ताइवान, क्या है चीन कनेक्शन?
नेतन्याहू ने अब गादी आइजेनकोट को बारी-बारी से सरकार चलाने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि अभी तक इसमें सफलता नहीं मिली है। इजरायल के राष्ट्रपति ने आइजेनकोट को छह दिसंबर तक सरकार बनाने का समय दिया है। जरूरत पड़ने पर उन्हें 14 दिन का और समय दिया जा सकता है।
लिकुड और याशर ने एक-दूसरे पर क्या आरोप लगाया?
लिकुड पार्टी का आरोप है कि आइजेनकोट बातचीत तो कर रहे हैं, लेकिन इस बीच वह अरब पार्टियों के साथ मिलकर भी सरकार बनाने के प्रयास में है। बता दें कि अबकी बार इजरायल के चुनाव में अरब पार्टियों ने 19 सीटों पर जीत हासिल करके निर्णायक स्थिति पर आ गई हैं। दूसरी तरफ आइजेनकोट की पार्टी का आरोप है कि लिकुड राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने में जानबूझकर देरी कर रही है, ताकि गठबंधन में फूट डालकर देश में नए सिरे से चुनाव कराने का रास्ता साफ किया जा सके।
