भारत के पूर्व रिजर्व बैंक (RBI) गवर्नर रघुराम राजन को अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें फेड की उस विशेष टास्क फोर्स में शामिल किया गया है जो अमेरिकी केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति (Monetary Policy) और बैलेंस शीट की समीक्षा करेगी। इस टीम का काम महंगाई पर बेहतर तरीके से काबू पाने के लिए नई रणनीति तैयार करना और फेड के कामकाज को पहले से ज्यादा प्रभावी बनाना है।

 

राघुराम राजन के अलावा भारतीय मूल के दो अन्य विशेषज्ञ राज चेट्टी और आशा शर्मा को भी फेड की अलग-अलग टास्क फोर्स में शामिल किया गया है। इन नियुक्तियों को फेड पे नए चेयरमैन केविन वार्श द्वारा घोषित व्यापक सुधार कार्यक्रम का हिस्सा माना जा रहा है। इन टीमों में दुनिया के कई प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री, उद्योगपति और तकनीकी विशेषज्ञ भी शामिल किए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: टैक्स के डर से अरबपति ने नहीं खरीदा घर, समुद्र में तैरते याट पर बिता दिए 6 महीने

यूएस फेड में क्या काम करेंगे राघुराम राजन?

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रघुराम राजन को फेडरल रिजर्व की 'बैलेंस शीट पॉलिसी टास्क फोर्स' का सदस्य बनाया गया है। यह टीम फेड की बैलेंस शीट, उसमें शामिल एसेट्स (संपत्तियों) और उनका मौद्रिक नीति पर क्या असर पड़ता है, इसकी समीक्षा करेगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि मौजूदा व्यवस्था की क्या खूबियां और कमियां हैं, और भविष्य में इसे और बेहतर व ज्यादा प्रभावी कैसे बनाया जा सकता है। फेड चेयरमैन केविन वार्श ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों को साथ लाने का उद्देश्य संस्थान में नई सोच और अधिक पारदर्शिता लाना है, ताकि आर्थिक फैसले पहले से अधिक बेहतर और प्रभावी हो सकें।

महंगाई पर नियंत्रण के लिए नई रणनीति

कोरोना महामारी के दौरान अमेरिकी अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए फेडरल रिजर्व ने बड़े पैमाने पर पैसा सिस्टम में डाला, जिसकी वजह से उसकी बैलेंस शीट करीब 9 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई। इसके बाद से अमेरिका कई वर्षों से उम्मीद से ज्यादा महंगाई की मार झेल रहा है। अब फेड इस पूरी व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है, ताकि महंगाई पर काबू पाया जा सके और मौद्रिक नीति को ज्यादा संतुलित बनाया जा सके। इसी मकसद से फेड ने पांच अलग-अलग टास्क फोर्स बनाई हैं।

 

यह भी पढ़ें: सिख महिला को लंदन में चाकुओं से गोदकर मार डाला, सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

दो अन्य भारतीय मूल के विशेषज्ञों को भी मिली जिम्मेदारी

हार्वर्ज यूनिवर्सिटी के मशहूर अर्थशास्त्री राज चेट्टी को डेटा टास्क फोर्स में शामिल किया गया है। इस टीम का काम आर्थिक आंकड़ों को बेहतर तरीके से समझना और रियल-टाइम डेटा का ज्यादा असरदार इस्तेमाल करना होगा। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट की वरिष्ठ अधिकारी आशा शर्मा को प्रोडक्टिविटी एंड जॉब्स टास्क फोर्स में जगह मिली है। उनकी टीम यह अध्ययन करेगी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी नई तकनीकों का नौकरियों, काम की उत्पादकता और देश की अर्थव्यवस्था पर क्या असर पड़ रहा है।