रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को बधाई दी है। साथ ही उन्होंने ईरान को अमेरिका के साथ चल रहे संघर्ष में रूस का पूरा समर्थन देने की बात दोहराई है। पुतिन ने कहा कि रूस तेहरान के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने एएफपी को दिए बयान में कहा, 'हम तेहरान के प्रति अपना अटूट समर्थन और ईरानी दोस्तों के साथ एकजुटता की पुष्टि करना चाहते हैं।'

 

मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया है। वह दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के बेटे हैं। अली खामेनेई की मौत हाल ही में अमेरिका और इज़राइल के हमलों में हुई थी। ईरान ने सोमवार को मोजतबा को नया नेता घोषित किया। मोजतबा का जन्म 1969 में ईरान के शहर मशहद में हुआ था। वह अली खामेनेई के छह बच्चों में से एक हैं।

 

यह भी पढ़ें: खर्ग में बसी है ईरान की जान, समझिए अमेरिका के निशाने पर क्यों है यह द्वीप

पुतिन ने दी बधाई

पुतिन ने मोजतबा को संदेश में कहा कि वह विश्वास करते हैं कि मोजतबा अपने पिता के काम को सम्मान के साथ जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, 'ईरानी लोगों को गंभीर चुनौतियों के सामने एकजुट करेंगे।' पुतिन ने आगे कहा, 'जब ईरान सशस्त्र हमलों का सामना कर रहा है, तो इस पद पर आपका कार्यकाल बहुत साहस और समर्पण मांगेगा।'

पेजेशकियन से की थी बात

इससे पहले शुक्रवार की रात ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से फोन पर बातचीत में पुतिन ने अली खामेनेई, उनके परिवार के सदस्यों, राजनीतिक और सैन्य नेताओं तथा कई आम नागरिकों की मौत पर गहरा दुख जताया था। पुतिन ने कहा था कि रूस हिंसा रोकने के पक्ष में है और किसी भी मुद्दे को बल से हल करने का विरोध करता है।

ईरानी राष्ट्रपति ने रूस के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और स्वतंत्रता की रक्षा कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'अभी ईरान से संपर्क मुश्किल है...', संसद में क्या-क्या बोले एस जयशंकर?

 

यह घटनाक्रम अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच हो रहा है, जहां इज़रायल ने चेतावनी दी है कि वह खामेनेई के उत्तराधिकारी का भी पीछा करेंगे। रूस ने ईरान के साथ अपनी मजबूत दोस्ती दिखाई है और युद्ध के दौरान तेहरान का साथ देने का वादा किया है।