दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में 27 से अधिक संघर्ष चल रहे हैं। रूस और यूक्रेन का युद्ध सबसे भीषण स्थिति में है। अमेरिका-ईरान की जंग किसी भी वक्त दोबारा शुरू हो सकती है। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की नाक पर दम कर रखा है। हर जंग के पीछे एक वजह है। एक छोटी सी वजह बड़ी जंग को जन्म दे सकती है।

 

अमेरिका को ब्रिटेन से खुफिया जानकारी मिली कि इराक सामूहिक विनाश के हथियार बना रहा है। जवाब में 2003 में अमेरिका ने बगदाद पर हमला किया। वर्षों तक जंग चली। इराक के शासन सद्दाम हुसैन को मारा गया, लेकिन बाद में पता चला कि खुफिया रिपोर्ट ही गलत थी। ईरान के खिलाफ मौजूदा जंग की वजह भी परमाणु हथियार है। ये वो जंगें हैं, जिनके पीछे बड़ी-बड़ी वजहें हैं।

 

यह भी पढ़ें: टारगेट किलिंग: दुश्मन को चुन-चुनकर मारने का खौफनाक इजरायली तरीका

 

आज बात करेंगे उन जंगों की, जिनकी शुरुआत अजीबोगरीब वजहों से हुई। कई कारणों पर दुनिया को हंसी भी आती है। मसलन, दो देश एक सुअर की हत्या पर भिड़ गए। सैनिक का कान कटा तो दो देशों में जंग शुरू हो गई। एक पेस्ट्री की दुकान ने फ्रांस और मेक्सिको में युद्ध छेड़ दिया। 

कटे कान पर भिड़े ब्रिटेन और स्पेन

अमेरिका के साउथ कैरोलिना और फ्लोरिडा के बीच जमीन पर कब्जे की जंग ब्रिटिश सैनिकों और स्पेनिश लोगों के बीच लगभग दो सदियों तक चला। इसी बीच साल 1731 में एक स्पैनिश प्राइवेटर ने ब्रिटिश कैप्टन रॉबर्ट जेनकिंस पर हमला किया और उनका कान काट लिया। 

 

जेनकिंस ने दावा किया कि स्पेन के तटरक्षक ने उनका कान काटा है। इसके बाद जेनकिंग ने ब्रिटेन की संसद में कटा हुआ कान पेश किया। इस घटना ने ब्रिटिश जनता में स्पेन के खिलाफ उबाल पैदा कर दिया। करीब 9 साल तक दोनों देशों के बीच राजनयिक माध्यम से विवाद को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन तमाम प्रयास नाकाम रहे। 1739 में ब्रिटेन और स्पेन के बीच युद्ध हुआ। आज भी इस युद्ध को 'War of Jenkins’ Ear' के नाम से जाना जाता है।

सुअर की हत्या: आमने-सामने ब्रिटेन और अमेरिका

एक अमेरिकी किसान लाइमन कटलर आलू की खेती करता था। वहीं पास में ब्रिटिश कंपनी हडसन बे सुअर पालन करती थी। कंपनी का एक सुअर उसकी फसल को बर्बाद कर देता था। इससे खफा अमेरिकी किसान ने एक दिन सुअर को गोली मार दी। सुअर की मौत ने अमेरिका और ब्रिटेन के बीच तनाव को चरम पर पहुंचा दिया। दोनों ही देशों ने अपनी सेना और युद्धपोतों को सैन जुआन आइलैंड भेजा। 10 वर्षों तक दोनों देशों की सेना आमने-सामने रहीं। यह घटना 15 जून 1859 की है। करीब 13 साल बाद 1872 में जर्मनी के सम्राट के दखल के बाद दोनों देशों ने विवाद को सुलझाया। अंत में यह द्वीप अमेरिका को मिल गया। 

चार महीने चला 'पेस्ट्री वार'

मेक्सिको और फ्रांस के बीच 838–1839 तक पेस्ट्री वार चला। साल 1821 में मेक्सिको को स्पेन से आजादी मिली। लेकिन देश पटरी पर नहीं लौटा। स्वतंत्रता मिलने के बाद वहां दंगे, लूटपाट सेना और बागियों के बीच संघर्ष चलता रहा। इसी हिंसा से एक नई जंग शुरू हुई। 

 

राजधानी मेक्सिको सिटी में दंगाइयों ने एक बेकरी दुकान में तोड़फोड़ की। फ्रांस में जन्मे पेस्ट्री शेफ मॉन्सियर रेमोंटल इसके मालिक थे। बाद में रेमोंटल ने मेक्सिको की सरकार से लूटपाट के बदले मुआवाजा मांगा, लेकिन सरकार ने साफ मना कर दिया। रेमोंटल ने यह मामला फ्रांस के राजा लुई-फिलिप के पास उठाया। 

 

मेक्सिको पर पहले से ही फ्रांस का कर्ज था। उसने यह कर्ज चुकाया नहीं था। रेमोंटल के मामले को फ्रांस ने बहाने के तौर पर इस्तेमाल किया और मेक्सिको से 6 लाख पेसो का मुआवजा मांगा। इसी में 60 हजार पेसो का मुआवजा पेस्ट्री शॉप की खातिर मांगा गया। मेक्सिको ने मुआवजा देने से मना कर दिया। जवाब में फ्रांस ने अपनी नेवी भेज दी और मेक्सिको के प्रमुख बंदरगाहों की नाकेबंदी कर दी। इसमें अमेरिका ने भी फ्रांस का साथ दिया। 

 

फ्रांस की सेना ने सैन जुआन डे उलुआ के द्वीप किले पर अटैक किया। इस हमले के बाद मेक्सिको ने भी जंग का एलान कर दिया। फ्रांस की नौसेना ने भीषण हमलों के बाद पूरी मैक्सिकन नेवी पर कब्जा कर लिया। दोनों देशों के बीच करीब चार महीने तक पेस्ट्री वार चला। ब्रिटेन की मध्यस्थता से मेक्सिको 6 लाख पेसो का मुआवजा देने पर राजी हो गया। 1839 में फ्रांस की सेना वहां से लौट गई।

 

यह भी पढ़ें: स्टारशील्ड: अमेरिका का खुफिया हथियार, कैसे मस्क का स्टारलिंक इससे जुड़ा?

सीमा में कुत्ता घुसा, युद्ध छिड़ गया

बुल्गारिया और ग्रीस के बीच जंग की शुरुआत एक कुत्ते की वजह से हुई। मामला अक्टूबर 1925 का है। ग्रीस का एक कुत्ता बुल्गारिया की सीमा में जा घुसा। उसके पीछे-पीछे ग्रीस का एक सैनिक भी सीमा पार चला गया। बुल्गारिया की गोलीबारी में ग्रीस का सैनिक मारा गया और यही से जंग की शुरुआत हुई। ग्रीस ने भीषण हमला किया। बुल्गारिया के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया। तब यह मामला लीग ऑफ नेशंस पहुंचा। अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद ग्रीस ने अपनी सेना वापस बुला ली। मगर बुल्गारिया को मुआवजा की रकम चुकानी पड़ी

दो शहरों के बीच हुई बाल्टी की जंग

इटली के दो शहरों बोलोन्या और मोडेना के बीच प्रतिद्वंद्विता 13वीं शताब्दी में चरम पर थी। इसी बीच बोलोन्या से एक बाल्टी की चोरी हुई। इसे अंजाम मोडेना के सैनिकों ने दिया था। बाल्टी चोरी की इस घटना ने साल 1925 में जप्पोलिनो लड़ाई की नींव रखी। हालांकि यहां ये जानना भी जरूरी है कि बार्टी जंग का सिर्फ एक बहाना बनी। जबकि इसके पीछे वर्षों पुराना सियासी और क्षेत्रीय प्रभाव सबसे अहम वजह रही। जीत के बाद मोडेना ने बाल्टी अपने पास रखी। दुनिया आज भी इसे 'War of the Bucket' के नाम से जानती है।