चीन के तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार शाम को 7 तीव्रता का भूकंप आया। इस घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, 46 लोग घायल हो गए। 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तरी क्षेत्र के शहर नागकू में सैकड़ों घर ढह गए हैं। स्थानीय मीडिया ने सरकारी अधिकारियों के हवाले से बताया कि कम से कम 339 घरों और पशुओं के लिए बने 20 शेड ढहने के बाद बचाव अभियान जारी है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायलों में से 11 लोगों की हालत गंभीर है, जबकि 35 अन्य को मामूली चोटें आई हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भारतीय समयानुसार रात करीब 8:03 बजे  यह भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर उत्तरी तिब्बत के नागकू सिटी में जमीन से लगभग 173 किलोमीटर की गहराई में था। 

 

यह भी पढ़ें: 'वादे से मुकर रही सरकार, लद्दाख को पूर्ण राज्य बनाए', भड़क गए सोनम वांगचुक

सोशल मीडिया पर सामने आईं तस्वीरें

सोशल मीडिया पर भूकंप से जुड़ी तस्वीरें सामने आ रही हैं। भूकंप का झटका महसूस होते ही पूरे इलाके में भगदड़ मच गई, मकान और गाड़ियां हिलने लगीं। वीडियो में लोगों को जान बचाने के लिए घरों और होटलों से निकलकर बाहर भागते हुए देखा जा सकता है। 

सीसीटीवी में दुकानों के अंदर रखे सामान रैक से गिरते हुए कैद हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप के झटकों से उत्तरी क्षेत्र के नागकू शहर में सैकड़ों घर ढह गए हैं। भूकंप के बाद कम से कम 339 घर ढह गए हैं और मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव का काम जारी है। इसके अलावा, विस्थापित लोगों के रहने के लिए टेंट भी लगाए जा रहे हैं। 

5 साल में तिब्बत में सबसे बड़ा भूकंप 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह तिब्बत में पिछले 5 सालों में आया सबसे बड़ा भूकंप है। अभी कुछ हफ्ते पहले नेपाल और चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की सीमा के पास बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई थी। अब भूकंप से 16 लोगों की मौत और 339 घर ढहने की खबर है।