अमेरिका के डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव में वह बाल-बाल बच गए हैं।  रिपब्लिकन पार्टी के ही सांसद थॉमस मैसी ने पीट हेगसेथ के बहाने डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगाए थे। इस प्रस्ताव को कमेटी के पास भेजने के प्रस्ताव के समर्थन में 211 और खिलाफ 204 वोट पड़े और प्रस्ताव को हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी को भेज दिया गया। इसका असर यह हुआ है कि अब महाभियोग के 8 अनुच्छेदों पर सीधी वोटिंग नहीं होगी। इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने पीट हेगसेथ की जमकर तारीफ की और उन्हें महान अमेरिकी देशभक्त बताया। इतना ही नहीं, ट्रंप ने वेनेजुएला और ईरान की जीत का क्रेडिट भी पीट हेगसेथ को ही दिया है।

 

महाभियोग पर वोटिंग से पहले भी डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह हर हाल में पीट हेगसेथ के साथ खड़े रहेंगे। ट्रंप का कहना था कि अगर पीट हेगसेथ के खिलाफ ज्यादा वोट भी पड़ते हैं तब भी वह उनका साथ देंगे। बता दें कि अभी भले ही पीट हेगसेथ बच गए हैं लेकिन आगे आने वाले समय में उनकी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं क्योंकि हाल ही में चुनाव जीते डेमोक्रैटिक पार्टी के सदस्यों के शपथ लेते हुए बहुमत के आंकड़े बदल जाएंगे।  

 

यह भी पढ़ें: पीट हेगसेथ बहाना, असली नफरत ट्रंप से? अमेरिका में महाभियोग प्रस्ताव पर सियासत

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या लिखा है?

इस वोटिंग में मिली जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा है, 'डेमोक्रैट्स की ओर वार सेक्रेटरी पीट हेगसेथ को हटाने की कोशिश बुरी तरह फेल हुई है।  सबसे बड़े लूजर थॉमस मैसी को छोड़कर बाकी सभी रिपब्लिकन्स ने पीट के समर्थन में वोट किया। वेनेजुएला और ईरान में मिली जीत, सेना के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा भर्ती और अभूतपूर्व भावना का नतीजा यह हुआ कि इस महान अमेरिकी देशभक्त की जीत हुई। डेमोक्रैट्स अभी भी अमेरिका को गालियां दे रहे हैं। इनको रोकना होगा।'

बता दें कि थॉमस मैसी ने नावों पर हमलों और ईरान से युद्ध के मामले पर पीट हेगसेथ पर गंभीर आरोप लगाए थे। रिपब्लिकन पार्टी के अंदर से भी आवाजें उठ रही हैं कि इन फैसलों के चलते ही मिडटर्म चुनावों में उसे हार का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: आइजेनकोट ने मतान कहाना को स्पीकर पद के लिए चुना, लिबरमैन को भी जिम्मेदारी

 

अपने बचाव में पीट हेगसेथ ने कहा था कि सभी कार्रवाइयां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर हुई थीं और पूरी तरह से वैध हुई थीं। उन्होंने यह भी कहा था कि आज तक किसी रक्षा मंत्री पर वैध सैन्य अभियान चलाने के लिए महाभियोग नहीं लगा है।