यूक्रेन की सेना ने रविवार को रूस पर बड़ा हमला किया। अब तक छह लोगों की मौत की खबर है। वहीं मॉस्को क्षेत्र में वाइल्डबेरीज के वेयरहाउस में धमाके के बाद आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो में वेयरहाउस से धुएं और आग का विशाल गुबार उठता दिख रहा है। वाइल्डबेरीज रूस का सबसे बड़ा ऑनलाइन रिटेलर है। कंपनी ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से कर्मचारियों को पहले ही हटा लिया गया था। ऑर्डर और डिलीवरी की सेवा अन्य सुविधाओं से की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह गोदाम कोलेडिनो इलाके में स्थित है। इसके अलावा यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को को निशाना बनाकर 600 ड्रोन दागे। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक रातभर में 822 ड्रोनों को नष्ट किया गया है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि शहर को 600 ड्रोनों से निशाना बनाया गया। इनमें से 201 ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र में मार गिराया गया।
यह भी पढ़ें: लाल सागर पर नियंत्रण की होड़, भारत के सामने चुनौती और विकल्प क्या हैं?
रूस ने भी कीव पर दागी बैलेस्टिक मिसाइल
रूस में दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के मुताबिर तीन शहरों पर हुए हमलों में पांच लोगों की जान गई। वहीं मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन का एक ड्रोन एक निजी मकान पर गिरा। इसमें 83 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई है। तीन अन्य लोग घायल हैं। रूस ने हमलों का जवाब कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल दागकर दिया। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह पर बैलेस्टिक मिसाइल हमले में एक महिला की जान गई और छह लोग घायल हुए हैं। कीव में भी बैलिस्टिक मिसाइल हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
वाइल्डबेरीज को क्यों बनाया निशाना?
बता दें कि वाइल्डबेरीज रूस की ई-कॉमर्स कंपनी है। इसे वहां का अमेजन कहा जाता है। राजधानी मॉस्को से लगभग 45 किमी दूर कोलेडिनो में कंपनी का गोदाम है। यूक्रेन ने ड्रोन से इसी गोदाम को निशाना बनाया। यूक्रेन का आरोप है कि कंपनी की लॉजिस्टिक सुविधाओं से ड्रोन और उसके पुर्जों की ढुलाई होती है। इसी कारण यूक्रेन पहले भी कंपनी को निशाना बना चुका है।
यह भी पढ़ें: अलवर: गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से पहले हिरासत में लिए गए छात्र
रविवार को हमले के बाद सोशल मीडिया पर गोदाम में लगी भीषण आग के कई वीडियो वायरल हैं। इमसें धुएं का विशाल गुबार दिख रहा है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही हैं। आग लगभग पूरे गोदाम में लगी है। आसपास खड़े लोग वीडियो रिकॉर्ड करने में जुटे हैं।
