स्विट्जरलैंड में प्रस्तावित अमेरिका और ईरान की वार्ता को स्थगित कर दिया गया है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस को शुक्रवार स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में होने वाली बैठक में भाग लेना था, लेकिन अब वैंस स्विट्जरलैंड नहीं जाएंगे। यह जानकारी स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्रालय ने साझा की। बताया जा रहा है कि दोनों देश 14 सूत्रीय मांगों को लागू करने की खातिर गुप्त प्रस्ताव तैयार करने में जुटे हैं। 60 दिनों के भीतर समझौते को अंतिम रूप देना था। अगर सबकुछ सही रहता तो स्थायी युद्धविराम लागू होता।
उधर, इजरायल समझौते का विरोध कर रहा है, लेकिन अमेरिका उस पर दबाव डालने में जुटा है। प्रस्ताव के मुताबिक लेबनान से इजरायली सेना को पीछे हटना पड़ेगा। हालांकि इजरायल ने साफ कर दिया है कि उसकी सेना लेबनान से वापसी नहीं करेगी। हिजबुल्लाह का कहना है कि ईरान-अमेरिका समझौते का इस्तेमाल लेबनान से इजरायली सेना को वापस भेजने के लिए किया जाना चाहिए। इस बीच लेबनान में इजरायली सैनिकों पर घातक हमले ने समझौते को और खतरे में डाल दिया।
यह भी पढ़ें: इंंस्टा पर दोस्ती, बर्थडे पार्टी में बनाए रिश्ते, अब शादी से मुकरा, रेप केस दर्ज
लेबनान में इजरायल के चार सैनिकों की मौत
गुरुवार को ही जेडी वैंस ने इजरायल की आलोचना की और कहा कि उसकी वजह से समझौते में बाधा आ रही है। अब घातक हमले में चार सैनिकों की मौत के बाद इजरायल ने लेबनान पर भीषण हमला शुरू कर दिया है। अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है। टाइम्स ऑफ इजरायल की खबर के मुताबिक दक्षिण लेबनान में टैंक बटालियन कमांडर समेत चार आईडीएफ जवानों की मौत हुई है।
ईरान में पैदा हो रहा अविश्वास
ईरान को अभी तक अमेरिका के समझौते पर विश्वास नहीं हो रहा है। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने एक बयान में साफ किया कि मेरी राय अलग थी। बावजूद इसके समझौते को मंजूरी दी। ईरान के अन्य नेताओं ने कहा कि अगर अमेरिका समझौते का उल्लंघन करता है तो कड़ा जवाब दिया जाएगा। अस्थायी युद्धविराम समझौते के बाद अमेरिका ने ईरान की नाकेबंदी को खत्म कर दिया है। यह भी चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने समझौते का पालन नहीं किया तो युद्ध दोबारा शुरू हो सकता है।
यह भी पढ़ें: बिहार के नए एडवोकेट जनरल बने सत्यदर्शी संजय, सरकार को क्या उम्मीदें?
होर्मुज पर बढ़ सकता तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पेच फंस सकता है। ईरान ने कहा कि 60 दिनों तक कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा। इसके बाद हाल ही गठित प्राधिकरण होर्मुज का प्रबंधन करेगा। ईरान की योजना भविष्य में यहां से गुजरने वाले जहाजों से टोल लेना है, जबकि ट्रंप का दावा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बना टोल के खुल जाएगा।


