दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन पर भारतीय मूल के जय पुरी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 से ज्यादा अधिकारियों की मौजूदगी में हुई एक मीटिंग के दौरान जेनसन ने जय पुरी पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि काश तुम मर जाते। इस बयान के बाद एक बार फिर जेनसन हुआंग के काम करने के तरीके पर सवाल उठ रहे हैं। 'द न्यूयॉर्क पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन ने किसी बात पर नाराज होकर जय पुरी से यह बात कही थी।

 

मीडिया रिपोर्ट की माने तो यह घटना पिछले साल फरवरी की एक मीटिंग के दौरान हुई। ऐसा आरोप है कि जेनसन ने भरी मीटिंग में कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि तुम्हें फ्लू हो जाए और तुम्हारी हालत और बिगड़ जाए।' उन्होंने आगे कहा,  'मैं उम्मीद करता हूं कि तुम मर जाओ और हम सबको इस मुसीबत से छुटकारा मिल जाए।' इस बयान के बाद पूरे कमरे में सन्नाटा पसर गया। 

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका में कॉपर वायर की वजह से ठप हुई उड़ानें, उसे कैसे ठीक करेगा FAA?

कौन हैं जय पुरी?

जय पुरी इंडस्ट्री के जाने-माने और बेहद अनुभवी चेहरों में से एक हैं। कैलिफोर्निया के लॉस अल्टोस में रहने वाले पुरी ने एनवीडिया में दो दशकों से भी ज्यादा समय बिताया है। उन्होंने साल 2005 में Nvidia में 'सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट (वर्ल्डवाइड सेल्स)' के तौर पर शुरुआत की थी। बाद में वह 'एग्जीक्यूटिव वाइस-प्रेसिडेंट (वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशंस)' बने, जहां उनके पास कंपनी की ग्लोबल सेल्स, बिजनेस डेवलपमेंट और कस्टमर के साथ रिश्ते संभालने की अहम जिम्मेदारी थी। अगस्त 2026 में उन्होंने इस पद से हटकर कंपनी में सीनियर एडवाइजर की भूमिका संभाली।

 

Nvidia से जुड़ने से पहले जय ने Sun Microsystems में 22 साल काम किया था। वहां उन्होंने एशिया-पैसिफिक ग्रुप के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट और 'निहोन सन केके' के अध्यक्ष जैसे बड़े पदों पर काम किया। अपने शुरुआती दिनों में वह हेवलेट-पैकार्ड (HP), बूज एलन एंड हैमिल्टन और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स जैसी बड़ी कंपनियों में भी प्रोडक्ट डेवलपमेंट और मैनेजमेंट कंसल्टिंग से जुड़े रहे।

जेंसन के व्यवहार को लेकर क्यों उठ रहे हैं सवाल?

जय पुरी का नाम इस विवाद में तब उछला जब जेनसन हुआंग के ऑफिस के अंदर काम करने वाले लोगों के प्रति कथित सख्त रवैये पर रिपोर्ट्स सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग लंबी मीटिंग्स के दौरान अपना आपा खोने और सबके सामने कर्मचारियों को फटकार लगाने के लिए जाने जाते थे। कुछ खबरों में यह दावा भी किया गया है कि एक बार गुस्से में आकर हुआंग ने एक सीनियर ऑफिसर की तरफ पानी की बोतल तक फेंक दी थी।

 

यह भी पढ़ें: धरती पर लौटा SpaceX स्टारशिप, यांत्रिक हाथों ने पहली बार पकड़ा

 

ऑफिस के अंदर उनके इस रवैये के उलट, आम जनता के बीच उनकी छवि काफी शांत और सहज रही है। वह अक्सर काली लेदर जैकेट पहने नजर आते हैं और इंटरव्यू में अपने संघर्ष के दिनों जैसे बर्तन धोने और टॉयलेट साफ करने के काम का जिक्र करते रहे हैं।