अक्सर लोग नींद की समस्या से जूझते हैं। दिन में नींद न आए तो चल जाता है लेकिन अगर यही नींद रात में गायब हो जाने लगे तो परेशानी बढ़ जाती है। नींद न आने के कारण बहुत सारे हो सकते हैं लेकिन सबसे बड़ी वजह तनाव है। अच्छी नींद अच्छी सेहत का राज होती है और अगर वही सही से न आए तो चिड़चिड़ापन, सिरदर्द और कमजोरी जैसे लक्षण देखने को मिल सकते हैं। कई बार लोग नींद की गोली भी खाना शुरु कर देते हैं। हालांकि यह गोलियां काफी नुकसानदायक होती है। अगर आप भी अनिद्रा से जूझ रहे हैं तो कुछ घरेलू नुस्खों की मदद से निजात पा सकते हैं। आइये इनके बारे में जानते हैं...

सोने से पहले गर्म दूध में दालचीनी का सेवन

अच्छी नींद पाने के लिए आप सोने से पहले गर्म दूध में एक चम्मच दालचीनी पाउडर ले सकते हैं। इससे नींद जल्दी आने की संभावना बढ़ सकती है। इसके अलावा गर्म दूध में जायफल पाउडर या शहद डालकर सेवन करने से भी अच्छी नींद आने में मदद मिलती है।

पैरों की मालिश करें

रात में सोने से पहले बादाम या नारियल तेल से 5-10 मिनट तक पैरों के तलवे की मालिश करें। इससे तनाव कम होता है और बॉडी रिलैक्स फील करती है।

कैमोमाइल या हर्बल टी पिएं

कैमोमाइल या हर्बल चाय पीने से मन को शांति मिलती है। कैमोमाइल में ऐसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जिसकी मदद से नींद आने लगती है।

स्क्रीन से बनाए दूरी

ध्यान रखें हमेशा सोने से 1 घंटा पहले अपने फोन या फिर टीवी से दूरी बना लें, क्योंकि इनसे ब्लू लाइट निकलती है, जो आंखों के लिए हानिकारक साबित होती है।

बादाम और अखरोट खाएं

रात में मुट्ठी भर भीगा हुआ बादाम और अखरोट खाएं। इनमें मौजूद मैग्नीशियम और मेलाटोनिन नींद लाने में बहुत फायदेमंद होते हैं।

गहरी सांस लें

रात में सोते समय शरीर को एकदम ढीला छोड़ दें और धीरे-धीरे सांस अंदर बाहर करें। इससे दिमाग और मन दोनों शांत होते हैं।

कब लें डॉक्टर से सलाह? 

अगर हफ्तों तक नींद न आए। रोजाना अनिद्रा की वजह से आपको तनाव, गुस्सा या फिर थकान महसूस हो तो डॉक्टर के पास जरूर जाएं। लगातार नींद न आना शरीर के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए इस समय डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।