राज्यसभा की कुल 37 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन आज यानी 5 मार्च को है। वोटिंग 16 मार्च को होनी है और उसी दिन चुनाव के नतीजे आएंगे। इस चुनाव में वरिष्ठ नेता शरद पवार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, रामदास आठवले और विनोद तावड़े जैसे नेता उतर चुके हैं। 10 राज्यों की कुल 37 सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में ज्यादातर सीटों पर निर्विरोध ही चुनाव होना है। एक-दो राज्यों में ही ऐसी संभावना है कि पक्ष और विपक्ष दोनों जोर लगाएंगे और एक सीट के लिए माथापच्ची भी करनी पड़ सकती है।

 

मौजूदा स्थिति में कुल 37 सीटों के लिए 39 लोगों ने पर्चा भरा है। अगर ये दो अतिरिक्त लोग अपना नाम वापस नहीं लेते हैं तभी वोटिंग कराई जाएगी। वरना ज्यादातर राज्यों में विधायकों की संख्या और नामांकन के आधार पर उम्मीदवारों को निर्विरोध जीता हुआ घोषित कर दिया जाएगा। फिलहाल, ओडिशा और बिहार में ही चुनाव की स्थिति दिख रही है। ओडिशा में कुल चार सीटों पर चुनाव हैं। बीजेपी ने दो और बीजेडी ने एक उम्मीदवार उतारे हैं। चौथी सीट के लिए दो निर्दलीय मैदान में हैं। एक को बीजेपी का समर्थन है तो दूसरे उम्मीदवार को कांग्रेस समर्थन दे रही है।

 

यह भी पढ़ें: 'उनको फैसला बदलना ही होगा...', नीतीश के एलान पर भड़के JDU कार्यकर्ता

बिहार में रोचक होगा मुकाबला?

 

बिहार में चार सीटों पर एनडीए आराम से जीत सकता है और पांचवीं के लिए उसे थोड़ी ही मशक्कत करनी होगी। यही वजह है कि एनडीए ने पूरे पांच उम्मीदवार उतारे हैं। बीजेपी के दो, जेडीयू के दो और एक उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा हैं। पांचवीं सीट के लिए आरजेडी ने अमरेंद्र धारी सिंह को उतारा जरूर है लेकिन विपक्ष के पास पर्याप्त संख्या नहीं है। उसे अगर AIMIM का साथ मिलता है तभी बात बन सकती है।

 

अब हरियाणा में भी रोचक स्थिति बनती दिख रही है क्योंकि बीजेपी और कांग्रेस के एक-एक उम्मीदवार के अलावा एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी पर्चा भर दिया है। बीजेपी के नेता सतीश नांदल ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भरा है जिसके बाद कांग्रेस की धड़कनें बढ़ गई हैं।

 

किस राज्य में क्या स्थिति है?

 

महाराष्ट्र- 7 सीट, 7 उम्मीदवार
रामदास आठवले-BJP
विनोद तावड़े-BJP
माया चिंतामण इवनाते-BJP
रामदास वडकुटे-BJP
शरद पवार- NCP (SP)
ज्योति वाघमारे-शिवसेना
पार्थ पवार-NCP

 

यह भी पढ़ें: 'शरद पवार लड़ेंगे राज्यसभा चुनाव, NCP के कहने पर सीट छोड़ी'- कांग्रेस

 

ओडिशा- 4 सीट, 5 उम्मीदवार
मनमोहन सामल-BJP
सुजीत कुमार-BJP
संतृप्त मिश्रा-BJD
डॉ. दत्तेश्वर मिश्रा- कांग्रेस समर्थित
दिलीप रे-BJP समर्थित

 

तमिलनाडु- 6 सीट, 6 उम्मीदवार
एम थंबीदुरई- AIADMK
अंबुमणि रामदास- PMK
एम क्रिस्टोफर तिलक-कांग्रेस
टी शिवा-DMK
सी रवींद्रन-DMK
एल के सुधीश-DMDK


पश्चिम बंगाल- 5 सीट, 5 उम्मीदवार
मेनका गुरुस्वामी-TMC
बाबुल सुप्रियो-TMC
कोयल मलिक-TMC
राजीव कुमार-TMC
राहुल सिन्हा-BJP

 

यह भी पढ़ें: देश को मिलेगी पहली लेस्बियन सांसद, कौन हैं सीनियर वकील मेनका गुरुस्वामी?

 

असम- 3 सीट, 3 उम्मीदवार
तेराश गोवाला-BJP
जोगेन मोहन-BJP
प्रमोद बोरो-UPPL (BJP समर्थित)

 

बिहार- 5 सीट, 6 उम्मीदवार


नितिन नवीन-BJP
शिवेश कुमार-BJP
उपेंद्र कुशवाहा-RLM
रामनाथ ठाकुर-JDU
नीतीश कुमार-JDU
अमरेंद्र धारी सिंह-RJD

 

छत्तीसगढ़- 2 सीट, 2 उम्मीदवार


लक्ष्मी वर्मा-BJP
फुलो देवी नेताम-कांग्रेस

 

हरियाणा- 2 सीट, 3 उम्मीदवार
संजय भाटिया-BJP
करमवीर बौद्ध-कांग्रेस

सतीश नांदल, निर्दलीय

 

हिमाचल प्रदेश-1 सीट, 1 उम्मीदवार
अनुराग शर्मा- कांग्रेस

 

तेलंगाना-2 सीट, 2 उम्मीदवार
अभिषेक मनु सिंघवी-कांग्रेस
वेम नरेंद्र रेड्डी- कांग्रेस