कल 27 अप्रैल को उत्तर भारत और मध्य भारत में गर्मी का कहर देखने को मिला था। मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया था। । देश के कई राज्यों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के भी ऊपर पहुंच चुका है जिससे आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। इस बीच गर्मी की मार झेल रहे यूपी-बिहार समेत उत्तर भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग ने देश के 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तूफान चलने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने कुल 13 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है लेकिन उस लिस्ट में दिल्ली शामिल नहीं है। दिल्ली में कल शाम बादलों की आवाजाही रही लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल को राजधानी दिल्ली में खतरनाक लू चलने वाली है। लोगों को गर्मी से बचने के लिए उपाय करने की सलाह दी गई है। बिना वजग गर्मी में घर से बाहर ना निकलने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की गोरक्षा यात्रा से किसे होगा नुकसान? समझिए
किन राज्यों में पड़ेगी लू?
उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में कल मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया था लेकिन आज इ राज्यों को हल्की राहत मिलती हुई नजर आ रही है। मौसम विभाग ने आज पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ, गुजरात, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और तमिलनाडु में लू चलने की संभावना जताई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। इन राज्यों में तापमान 44 डिग्री के पार भी जा सकता है।
यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट
बीते कई दिनों से गर्मी की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश में अब राहत की वाली बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज 28 अप्रैल को सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बुलंदशहर, बदायूं, ज्योतिबाफुले नगर, औरैया, आगरा, मथुरा, महामायानगर, जालौन, फिरोजाबाद, बलरामपुर, कानपुर और लखनऊ में भारी बारिश होने की संभावना है।
बिहार की बात करें तो कल बिहार में भी लू का अलर्ट जारी किया गया था लेकिन शाम होते-होते गर्मी से हल्की राहत मिली। आज मौसम विभाग ने यूपी की ही तरह बिहार में भी आंधी-बारिश की अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 28 अप्रैल को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, सारण, सिवान, गोपालगंज, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
हरियाणा-पंजाब में बारिश
पंजाब के अमृतसर, जालंधर, गुरदासपुर, बठिंडा, अमृतसर, पठानकोट लुधियाना और कपूरथला में और हरियाणा के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल, ममता पर निशाना, आखिर राहुल गांधी को थैंक्यू क्यों बोल रही BJP?
पहाड़ी राज्यों का हाल
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में कल मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया था। हिमाचल के मैदानी इलाकों में गर्मी बहुत ज्यादा बढ़ गई थी लेकिन आज हिमाचल को भी गर्मी से राहत मिलने वाली है। आज मौसम करवट बदलने वाला है और हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चंपावत और अल्मोड़ा में और हिमाचल के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना में बारिश के साथ-साथ तूफान की संभावना जताई है। इन तीनों राज्यों में मौसम विभाग ने ओले गिरने की संभावना भी जताई है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो यहां भी आज मौसम करवट बदलने वाला है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और असम में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने तूफान चलने की भी संभावना जताई है। लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। असम और मेघालय में तो येलो अलर्ट जारी किया गया है।
