देशभर में आज मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। एक और  मॉनसून और प्री मॉनसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं तो वहीं, कुछ जगहों पर गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने आज देश के 15 राज्यों में बारिश होने की संभावना जाहिर की है। इसके साथ ही कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश के कारण नुकसान होने की आशंका भी है, जिसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में पिछले दो दिनों से हल्की बारिश और तेज आंधी चलने से जो राहत मिली थी अब वह खत्म हो गई है। दिल्ली एनसीआर में एक बार फिर भीषण धूप और उमस भरी गर्मी देखने को मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देने जा रहा है। यह आने वाले दिनों में दिल्ली समेत कई राज्यों का मौसम बदल देगा और दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिल सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: 'देश में एजुकेशन नहीं, एक्सटॉर्शन सिस्टम', राहुल गांधी की रैली की 5 बड़ी बातें

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

आज 18 जून को उत्तर प्रदेश में मिला जुला मौसम देखने को मिलेगा। एक तरफ आंधी-तूफान और बारिश रहेगी तो वहीं, दूसरी तरफ भीषण गर्मी का कहर भी देखने को मिलेगा। आज यूपी के बाराबंकी, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, झांशी, गौतमबुद्ध नगर, गोरखपुर, आजमगढ़, मेरठ, ललितपुर, फिरोजाबाद, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत और देवरिया में बारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।  वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है यानी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। 

किन राज्यों में होगी बारिश?

मौसम विभाग ने आज देश के कुल 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिन राज्यों में बारिस का अलर्ट जारी किया गया है उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश,छत्तीसगढ़, उत्तराखंड,हिमाचल प्रदेश, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, तमिलानडु, असम, नगालैंड और त्रिपुरा शामिल हैं। इन राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं और तूफान चलने की भी संभावना जताई है। 

 

 

इन राज्यों में लू का अलर्ट

देश के कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, लेकिन अभी भी ज्यादातर राज्यों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा और महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करने वाली है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।  

 

यह भी पढ़ें: बिहार के किसानों को 24 करोड़ की सौगात! बनेंगे 305 गोदाम और 400 थ्रेसिंग फ्लोर

मछुआरों के लिए अलर्ट

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज लहरें उठने की संभावना है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए एक सख्त एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके अनुसार, मन्नार की खाड़ी, कन्याकुमारी, श्रीलंका तट और अंडमान सागर से सटे इलाकों में समंदर में तेज लहरें उठने की संभावना है। इसी को देखते हुए 17 से 21 जून तक मछुआरों को समुद्र में ना उतरने की सलाह दी गई है।