देशभर में गर्मी का कहर जारी है। कई जगहों पर तो तापमान 50 डिग्री के पास भी पहुंच जा रहा है। लोगों का गर्मी से बुरा हाल है लेकिन इस बीच अब एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, लोगों को अब गर्मी से राहत मिल सकती है। एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है और आज यानी 26 मई को यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में आज भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। 

 

देश की राजधानी दिल्ली में भी आज गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आज यानी 26 मई को दिल्ली में तापमान 45 डिग्री तक जाने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली वालों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई से पहले दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है। गर्मी के कारण दिल्ली में लोगों की हालत खराब हो रही है। 

 

यह भी पढ़ें: पंजाब में नगर निकाय चुनाव, बैलेट पेपर से होगी वोटिंग; EC ने किया था विरोध

 

यूपी में राहत

उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी, उमस और लू की मार से बेहाल है लेकिन अब इससे राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश होने की संभावना है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है उनमें मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, रामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर शामिल हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया है। बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना जताई गई है।

बिहार में भारी बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में भी उत्तर प्रदेश की तरह ही गर्मी से राहत मिलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने  बिहार के गया, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, किशनगंज, सहरसा, कटिहार, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और भोजपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

इन राज्यों में लू का अलर्ट

भले ही उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलती हुई नजर आ रही हो लेकिन अभी भी देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी गर्मी को देखते हुए कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना में लू चलने की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें: हर दिन जान गंवाती 15 'त्विशा', कानून हैं, अदालतें भी, फिर कैसे छूटते हैं आरोपी?

पहाड़ी राज्यों का मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तराखंड और हिमाचल के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर देखने को मिलेगा और मौसम विभाग ने तो लू का अलर्ट भी जारी कर दिया है। इसके साथ ही उत्तराखंड के नैनीताल, बागेश्वर, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर में आंधी और बारिश की संभावना है। 

 

हिमाचल प्रदेश में भी तूफान चलने की संभावना है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। कुछ इलाकों में तो तामान 40 डिग्री पार कर गया है जो जम्मू-कश्मीर में बहुत दुर्लभ है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।