दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। बढ़ते प्रदूषण के कारण एक तरफ सरकार और प्रशासन लगातार एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं तो दूसरी तरफ राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। पराली जलाने के मुद्दे पर एक बार फिर पंजाब और दिल्ली की सियासत आमने-सामने आ गई है। पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं को लेकर बीजेपी ने आम आदमी पार्टी (AAP) की पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

बीजेपी नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कर दावा है कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बीजेपी पर किसानों और पंजाब पुलिस को बदनाम करने का आरोप लगाया है।

 

यह भी पढ़ें: आगा रुहुल्लाह मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से दिया इस्तीफा, अगली तैयारी क्या है?

 

क्या है पूरा मामला?

बीजेपी नेता मजिंदर सिरसा ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की जिनमें एक किसान पराली जला रहा है और पास में एक पुलिसकर्मी खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के सरंक्षण में पंजाब में पराली जलाई जा रही है। उन्होंने लिखा, 'ये तस्वीरें दिखाती हैं कि पंजाब पुलिस के जवान जलती हुई पराली के पास खड़े हैं और पराली जलाने की घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं। आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार में यही सब चल रहा है। हर मामले में एक गठजोड़ काम कर रहा है। पराली जलाने के मामलों में बिना किसी का नाम दर्ज किए FIR करना ही इस बात का सबूत है।' उन्होंने कहा कि केजरीवाल जी, राजनीति से ऊपर उठकर जनता की सेहत को प्राथमिकता दीजिए।

AAP ने किया पलटवार

आम आदमी पार्टी ने उनके इस आरोप के जवाब में एक न्यूज कटिंग शेयर की। इसके साथ लिखा, 'बीजेपी पंजाब के किसानों को बदनाम करने और दिल्ली में अपनी ही सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, यहां तक कि खुलेआम झूठ बोलने से भी पीछे नहीं हटती। जिस तस्वीर में अधिकारी पराली की आग बुझाते हुए दिखाई दे रहे हैं, उसे इस तरह पेश किया जा रहा है, जैसे पंजाब पुलिस आग जलाने में मदद कर रही हो।'

 

पंजाब यूनिट की ओर से किए गए इस पलटवार में आगे लिखा कि मिस्टर सिरसा पंजाब के किसानों और पुलिस के खिलाफ झूठ फैलाना बंद कीजिए। इसके बजाय जवाब दीजिए कि जब पंजाब में पराली नहीं जलाई जा रही है, तो दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रित करने में आपकी बीजेपी सरकार बुरी तरह नाकाम क्यों रही है?

 

यह भी पढ़ें: '35 करोड़ का मॉल बनाने की तैयारी थी', KPSC स्कैम पर ED ने क्या-क्या बताया?

दिल्ली VS पंजाब की सियासत क्यों तेज?

पराली जलाने का मुद्दा हर साल सर्दियों के मौसम में पंजाब और दिल्ली के बीच राजनीतिक टकराव की वजह बनता है। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने पर अक्सर पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं को जिम्मेदार ठहराया जाता है। वहीं, पंजाब सरकार और AAP का तर्क रहता है कि दिल्ली के प्रदूषण के लिए केवल पराली को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।