जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला हुआ है। वह एक शादी समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। मैरिज हॉल के बाहर बुधवार रात को उन पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई। फारूक अब्दुल्ला, नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के अध्यक्ष हैं। वह जम्मू और कश्मीर के डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुरिंदर चौधरी के साथ नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता बीएस चौहान के बेटे की शादी में बधाई देने गए थे।
शादी देखकर वह हॉल से बाहर निकल रहे थे, तभी कमल सिंह जमवाल नाम के एक शख्स ने उन पर हमला बोल दिया। वह पुरानी मंडी का रहने वाला है। कमल सिंह की उम्र लगभग 60 साल बताई जा रही है। उसने फारूक अब्दुल्ला के बिलकुल नजदीक से गोली चलाई है।
यह भी पढ़ें: 'भारत के लिए गोलियां खाई हैं, फिर खा लूंगा', ऐसा क्यों बोले फारूक अब्दुल्ला?
सुरक्षाकर्मियों ने नाकाम किया हमला
फारूक अब्दुल्ला की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और गोली को रोक दिया। गोली चलने के बावजूद कोई घायल नहीं हुआ। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। कोई आतंकी एंगल अभी तक सामने नहीं आया है।
आतंकी कनेक्शन नहीं मिला
पुलिस ने कहा कि यह हत्या की कोशिश थी, लेकिन कोई आतंकी कनेक्शन नहीं दिख रहा है। आरोपी के पास लाइसेंस वाली पिस्तौल थी। फारूक अब्दुल्ला के बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर दुख जताया।
यह भी पढ़ें: 'जितना दमन, उतना बड़ा खतरा', लेह हिंसा पर क्या बोले फारूक?
Z+ सिक्योरिटी पर उठे सवाल
उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि अल्लाह की मेहरबानी से उनके पिता बच गए, लेकिन यह खतरनाक स्थिति थी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि Z+ कैटेगरी की सुरक्षा हासिल करने वाले नेता के इतने करीब कोई बंदूक लेकर कैसे पहुंच सकता है।
