कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने पहली बार अपना इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और अपनी पहली पोस्ट में आने वाली किताब के बारे में जानकारी दी। यह किताब 10 नवंबर को पब्लिश होगी। इसमें सोनिया गांधी ने अपनी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रेम कहानी से जुड़ी यादें भी साझा की हैं। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर बताया कि कैम्ब्रिज के एक ग्रीक रेस्टोरेंट से कैसे उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई।
सोनिया गांधी ने पहली पोस्ट गुरुवार सुबह 9 बजे की थी, जिसमें उन्होंने लिखा कि मैं अपनी किताब आप सभी के साथ साझा करके खुश हूं। यह प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने और अपनेपन की जगह तलाशने की कहानी है। उन्होंने कहा कि मैं इसे आप सबके साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं। सोनिया गांधी ने राजीव गांधी का सौम्य व्यक्तित्व और उनके साथ बिताए प्यार भरे पलों को भी याद किया है।
यह भी पढ़ें: 'यह कहानी है प्यार की...', इंस्टा पर सोनिया गांधी का डेब्यू, किताब पर क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने क्या बताया?
वहीं X पर अपनी पहली पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, 'कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों भरी एक दुनिया बनाई 10 नवंबर को, मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी।' वीडियो में तस्वीरें दिखाते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि राजीव गांधी बहुत आकर्षक और सौम्य व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि उस दौरान इंग्लैंड में खाना बहुत खराब होता था और उस समय आज की तरह इतने रेस्तरां नहीं हुआ करते थे और वे इटैलियन खाना तलाशती थीं।
सोनिया गांधी ने बताया कि खाने के लिए अच्छे रेस्तरां की तलाश के दौरान उन्हें वर्सिटी रेस्तरां मिला। इसी रेस्तरां में उनकी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मुलाकत हुई और पहली मुलाकात में ही उन्हें राजीव गाधी से प्यार हो गया। सोनिया गांधी ने वीडियो में बताया कि जब वे पहली बार उनसे मिलीं तो उन्हें तुरंत लगा कि वे उनके साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहेंगी। उन्होंने कहा कि राजीव गंधी के मन में भी उनके लिए ऐसी ही भावनाएं थी।
दोस्ती से प्यार में बदली कहानी
सोनिया गांधी ने बताया कि दोनों की मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे दोस्त बन गए और दोस्तों के साथ पार्टि करने और घूमने-फिरने जाने लगे। उन्होंने बताया कि एक बार वे दोनों वैलेंटाइन पार्टी में भी गए थे, जहां पर बहुत सारे छात्र मौजूद थे। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी का सौम्य स्वभाव और व्यक्तित्व आकर्षक था, जो उन्हें बहुत पसंद आई। सोनिया गांधी ने राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि अपनी पहली मुलाकात को वे कभी नहीं भूल पाएंगी।
