हाल ही में उत्तर प्रदेश की सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव हुए थे। उस वक्त केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार नहीं बनाया गया था। तब कयास लगाए जा रहे थे कि अब हरदीप सिंह पुरी मंत्रिमंडल से भी बाहर हो जाएंगे। अब मध्य प्रदेश की एक राज्यसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बना दिया है। यह सीट केंद्र सरकार में राज्यमंत्री रहे एल मुरुगन के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। एल मुरुगन ने मंत्री पद के साथ-साथ अपनी राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था।
हरदीप सिंह पुरी साल 2018 में पहली बार राज्यसभा के सांसद बने थे। तब उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजा गया था। 2020 में दोबारा भी उन्हें उत्तर प्रदेश से ही राज्यसभा भेजा गया था। ऐसे में इस बार जब उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुए और उनका नाम नहीं था तो कयास लगने लगे थे कि अब उनकी राजनीतिक पारी समाप्त होने की ओर है।
यह भी पढ़ें: करवा चौथ पर पहली बार पुरुषों को भी मिलेगी छुट्टी, सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला
कब होंगे चुनाव?
हाल ही में चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश की इस एक सीट के लिए उपचुनाव की तारीखों का एलान किया है। इस सीट का कार्यकाल 2030 तक है। हरदीप सिंह पुरी फिलहाल उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है। इस बार मध्य प्रदेश में राज्यसभा के चुनाव 12 नवंबर को होने हैं। अगर चुनाव की जरूरत हुई तो चुनाव के बाद उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि, विधायकों की संख्या के हिसाब से उनका जीतना तय है। इस बात की भी उम्मीद है कि कांग्रेस इस सीट के लिए उम्मीदवार ही न उतारे।
चुनाव आयोग की ओर से जारी टाइमलाइन के मुताबिक, नामांकन की प्रक्रिया 26 अक्तूबर से ही शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें: MLC Election Result Update: 4 राज्यों की 28 सीटें, कहां, कौन जीता? सब जानिए
हरदीप सिंह पुरी से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि तमिहरदीपलनाडु में बीजेपी की विधायक रहीं वनिती श्रीनिवासन को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बता दें कि इस सीट से सांसद रहे एल मुरुगन भी तमिलनाडु से ही आते थे। नरोत्तम मिश्रा के नाम को लेकर भी चर्चा थी लेकिन आखिरी बाजी हरदीप पुरी के हाथ लगी है।
