भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का रविवार को निधन हो गया। उन्हें हार्ट अटैक आया था। सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

रामराव वडकुते को करीब 8 महीने पहले BJP ने राज्यसभा के लिए नामित किया था। महाराष्ट्र की राजनीति में उनकी छवि बेदाग रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।

यह भी पढ़ें: बिहार वाला दांव यूपी में भी चलेगी BJP? महिलाओं को मिल सकते हैं 20 हजार

एनसीपी से BJP तक का सफर

रामराव वडकुते इससे पहले शेली-मेंढी महासंघ के अध्यक्ष रह चुके थे। वह पहले नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) से जुड़े थे और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य भी रहे। अक्टूबर 2019 में उन्होंने NCP छोड़कर BJP का दामन थामा।

साल 2021 में उन्हें BJP का हिंगोली जिला अध्यक्ष बनाया गया। वह हिंगोली लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के चुनाव प्रमुख और प्रभारी भी रहे। महाराष्ट्र में उन्हें धनगर समाज के प्रमुख नेताओं में गिना जाता था। उनका राजनीतिक रिकॉर्ड बेदाग रहा है।

यह भी पढ़ें: मोदी के गढ़ से गाजीपुर तक, 2027 में कौन बदलेगा वाराणसी मंडल की सियासी हवा?

नेताओं ने जताया शोक

राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉ विकास महात्मे ने X पर पोस्ट कर शोक जताया। उन्होंने रामराव वडकुते को धनगर समाज का वरिष्ठ नेता बताया। उन्होंने यह कहा कि समाज और सार्वजनिक जीवन के साथ उनके लिए निजी क्षति भी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक करीबी दोस्त और सहयोगी खो दिया है। 

महाराष्ट्र विधान परिषद की सदस्य डॉ प्रज्ञा राजीव सातव ने भी दुख जताया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।