देश की राजधानी दिल्ली में इस समय इतने सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जितने 15 अगस्त और 26 जनवरी को भी कम ही देखने को मिलते हैं। शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा बुलाए गए विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। हज़ारों जवान, सैकड़ों सब इंस्पेक्टर, दर्जनों इंस्पेक्टर और आईपीएस अधिकारी तैनात हैं। यह तैनाती महज चार किलोमीटर (जंतर मंतर) के दायरे में की है।

जंतर मंतर के आसपास के इलाके में दिल्ली पुलिस, दिल्ली पुलिस के कमांडो, पुलिस की स्पेशल सेल, RAF, ITBP, CISF, SSB और CRPF के हजारों जवान उतारे गए हैं।  इसमें पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मी दोनों शामिल हैं। दिल्ली की सड़कों पर हजारों की संख्या में सुरक्षा बलों के जवान तैनात हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'EVM बंद हो... बैलेट पेपर से चुनाव हो', राष्ट्रपति से विपक्ष ने की मांग

 

ड्रोन से होगी वीडियोग्राफी 

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई लेयर के सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नजर रखने के लिए पुलिस प्रदर्शनकारियों की ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाएगी। इसके लिए पुलिस ने प्रोफेशनल फोटोग्राफरों की एक टीम तैयार की है। इसके साथ ही कई जगहों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं ताकि आसानी से मूवमेंट को ट्रैक किया जा सके। 

बवाल रोकने के इंतजाम

प्रदर्शन में बवाल होने और उसे रोकने के लिए कई सुरक्षाकर्मी अपने साथ आंसू गैस के गोले ले जाते दिखाई दिए। संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के पास बांस रखे हुए दिखाई दिए। इसके अलावा जंतर मंतर के आसपास में 30-35 प्राइवेट बस खड़ी की गई हैं, पुलिस प्रदर्शनकारियों को डिटेन करके रखा जाएगा। मौके पर वज्र वाहन और वाटर कैनन को भी तैनात किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: उपचुनाव: बंगाल और असम में बीजेपी ने चौंकाया, तमिलनाडु में 'विजय' का जलवा बरकरार

मेट्रो सेवाओं पर असर

बता दें कि दिल्ली पुलिस की तैयारियों के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का निर्णय लिया था। हालांकि, आज शाम को दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी लिस्टम में सिर्फ 47 स्टेशनों को बंद रखने की बात कही गई है। इसके अलावा भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाली 200 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है।