पश्चिम बंगाल की राजनीति में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के एक बयान ने नई बहस की शुरूआत कर दी है। एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह पार्टी पूरी तरह से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के इशारों पर चलती है। उन्होंने खुलासा किया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें बहुत पहले ही आगाह कर दिया था कि यदि वह अपना अच्छा राजनीतिक भविष्य बनाना चाहते हैं तो उन्हें TMC छोड़ देनी चाहिए।
बंगाल सीएम ने पुरानी बातों को याद करते हुए बताया कि प्रणब बाबू ने उनसे साफ शब्दों में कहा था कि अगर वह केवल एक 'कर्मचारी' की तरह काम करना चाहते हैं तो ममता बनर्जी के साथ बने रहें। अगर वह अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो उन्हें नरेंद्र मोदी जी का साथ चुनना चाहिए। अधिकारी ने कहा कि वह TMC का हिस्सा थे लेकिन उन्हें किसी का कर्मचारी बनकर रहना मंजूर नहीं था। इसलिए उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया।
यह भी पढ़ें: UP-दिल्ली में ठंड और कोहरा बढ़ेगा, इन राज्यों में आज बारिश का अलर्ट
बंगाल सीएम का पूरा बयान
TMC छोड़ने के अपने फैसले को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं भी वहां (TMC में) था, लेकिन मैं एक कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहता था। इसलिए मैं बाहर आ गया। जब मैं राष्ट्रपति के तौर पर रायसीना हिल्स में प्रणब मुखर्जी से मिला तो उन्होंने मुझे बीजेपी में शामिल होने की सलाह दी। वह मेरे असली सलाहकार थे। उन्होंने मुझे चुनने के लिए कहा या तो 'बुआ-भतीजा' वाले सेटअप में एक 'लैंप पोस्ट' कर्मचारी बनकर रह जाऊं या फिर मोदीजी के साथ मिलकर अपने दम पर आगे बढ़ूं!'
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को अपना 'असली सलाहकार' बताया। उन्होंने याद किया कि उनके राष्ट्रपति बनने के बाद वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन भी गए थे। हालांकि, यह बातचीत ठीक किस तारीख या साल में हुई थी, उन्होंने इस बारे में बात करने से मना कर दिया। 25 नवंबर को कूचबिहार के रास मेले के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'प्रणब बाबू अब हमारे बीच नहीं हैं। वह एक महान व्यक्तित्व और बेहद सम्मानित नेता थे। इसलिए मैं उनके नाम पर किसी भी तरह का अनावश्यक विवाद खड़ा नहीं करना चाहता।'
बयान को सुखेन्दु शेखर रॉय का समर्थन
कभी ममता सरकार में कद्दावर मंत्री रहे शुभेंदु अधिकारी ने दिसंबर 2020 में TMC छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार के बाद वह विपक्ष के नेता बने और फिर 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद राज्य के मुख्यमंत्री बने।
यह भी पढ़ें: नजदीकी तो दिखी, पुराना भरोसा भी बहाल होगा? भारत-नेपाल के संबंधों की कहानी
इस साल की शुरुआत में TMC छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद सुखेन्दु शेखर रॉय ने भी शुभेंदु के बयान का समर्थन किया है। सुखेन्दु रॉय ने कहा कि प्रणब मुखर्जी का शुभेंदु के पिता शिशिर अधिकारी (पूर्व कांथी सांसद) और खुद शुभेंदु से गहरा लगाव था। उन्होंने बताया कि वह खुद कई बार प्रणब दा के साथ कांथी गए थे। प्रणव मुखर्जी ने 2007 के नंदीग्राम आंदोलन में शुभेंदु के काम की काफी तारीफ भी की थी इसलिए शुभेंदु की बातों में कुछ भी गलत नहीं है।
