अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध, व्यापार, वेनेजुएला और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट समेत तमाम मुद्दों पर बातचीत हुई। ट्रंप का दावा है कि रूस की जगह अमेरिका और वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमति बनी है।

 

भारत अमेरिकी सामान पर लगने वाले टैरिफ को इसी हफ्ते शून्य करेगा। जवाब में अमेरिका भी भारत पर लगे रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 से घटाकर 18 फीसद करेगा। ट्रंप ने यह भी बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर भी सहमति बन गई है। इस दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने अपने सबसे अच्छे दोस्तों में से एक बताया।

 

यह भी पढ़ें: ट्रंप ईरान से क्या चाहते हैं, समझौते की किन शर्तों पर तेहरान को आपत्ति? 


डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात है। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं। अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने कई मुद्दों पर बात की। इनमें व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करना शामिल है। वे रूसी तेल नहीं खरीदने और अमेरिका व वेनेजुएला से अधिक खरीदने पर सहमत हुए हैं। इससे यूक्रेन युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मर जा रहे हैं।'

 

 

 

 

ट्रंप ने आगे लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते उनके अनुरोध पर हम अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते पर तुरंत प्रभाव से सहमत हुए हैं। समझौते के तहत अमेरिका भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करेगा। वे (भारत) भी इसी तरह अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटाकर शून्य करेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान के 11 शहरों में हमलों से दहल उठा पाकिस्तान, लगाया भारत पर आरोप

 

ट्रंप ने आगे दावा किया, 'प्रधानमंत्री ने 500 बिलियन डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पादों को खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है। भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं, जो काम पूरा करते हैं। ऐसा और लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता है।'