भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कमाई, खर्च और विदेश दौरों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बीजेपी ने पूछा है कि चुनावी हलफनामों के मुताबिक, राहुल गांधी ने पिछले 10 साल में सिर्फ 11 करोड़ रुपये कमाए तो उन्होंने 60 करोड़ से ज्यादा रुपये कहां से खर्च कर दिए। बीजेपी ने राहुल गांधी के विदेश दौरों का जिक्र करते हुए कहा है कि कई बार वह कहां गए किसी को नहीं बताया और उन दौरों पर किसने पैसे खर्च किए, इसकी भी जानकारी उपलब्ध नहीं है। BJP का कहना है कि पिछले 22 साल में राहुल गांधी 54 बार विदेश गए हैं और इन दौरों पर 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

 

BJP ने आरोप लगाए हैं कि राहुल गांधी कई बार अपने सार्वजनिक और घोषित दौरों से इतर भी विदेश गए हैं। बीजेपी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए वरिष्ठ प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाए कि सोशल मीडिया पर कई फुटेज आए जिनके मुताबिक, राहुल गांधी मस्कट और ओमान भी गए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता से जवाब मांगे जाएंगे क्योंकि वह 22 साल से चुने हुए प्रतिनिधि हैं।

 

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक रूप से जानवर काटने पर लगा बैन, सर्टिफिकेट जरूरी

 

BJP ने क्या आरोप लगाए?

संबित पात्रा ने राहुल गांधी के बारे में कहा, '22 साल में घोषित किए गए या फिर सार्वजनिक रूप से जिनकी जानकारी उपलब्ध है, इस तरह के 54 दौरों पर राहुल गांधी गए। इसमें इटली, यूएस, यूके, जर्मनी, वियतनाम, कंबोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीप, कतर और UAE है। इसके अलावा 3 मई 2026 को जो फुटेज सोशल मीडिया पर आया और जो अघोषित यात्रा रही उसके मुताबिक, मस्कट और ओमान भी है। इनमें से अधिकांश यात्राओं की ऑन रिकॉर्ड जानकारी दी गई है। कई में यह भी जानकारी है कि किसके न्योते पर गए।'

 

यह भी पढ़ें: 'मराठी में बोर्ड लगाओ वरना शिवसेना स्टाइल...', मुंबई के डिप्टी मेयर की चेतावनी

उन्होंने आगे कहा है, 'ये यात्राएं सार्वजनिक हैं लेकिन इनकी फंडिंग सार्वजनिक नहीं है। एक लेजर बनाया गया है जिसमें सभी 54 यात्राओं पर हुए खर्च का हिसाब लगाया गया है। इसे बॉटम अप मॉडल ऑफ एस्टिमेशन ऑफ कॉस्ट कहते हैं। हर बार औसतन उनके साथ तीन से चार लोग गए हैं। कई बार सुरक्षा को चकमा देकर भी गए हैं, हम वह भी बताएंगे। ये सभी लोग बिजनेस क्लास में जाते हैं, फाइव स्टार होटल में रुकते हैं। हमने सबका हिसाब लगाया है।'

 

BJP का कहना है, '2004 से अब तक राहुल गांधी 54 बार विदेश गए हैं और इस पर 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हमने उनकी सरकारी यात्राओं को शामिल नहीं किया है। हमारे पास उनके चुनावी हलफनामे के फॉर्म 26 से मिली जानकारी है, जिसमें आमदनी की भी घोषणा की जाती है। 2013-14 से 2022-23 को मिलाकर उनकी कुल आमदनी 11 करोड़ रुपये थी। फिर 60 करोड़ रुपये कहां से खर्च किए?' BJP ने आशंका जताई है कि अगर ये पैसे राहुल गांधी ने खर्च नहीं किए तो विदेशी ताकतों ने इनकी फंडिंग की।