दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि 'कांग्रेस वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान को गांव-गांव ले जाएगी। इसके अलावा आगामी रणनीति और विधानसभा सत्र व पार्टी कार्यक्रमों पर भी गहन चर्चा हुई। शिक्षा के गिरते स्तर पर कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह बैठक में पहुंचे। विधायकों को अपने-अपने क्षेत्र में चौपाल आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की महारैली को सफल बनाने पर पार्टी विधायकों की तारीफ की और प्रदेश की जनता का आभार जताया। बैठक में फैसला लिया गया कि 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान को अब कांग्रेस घर-घर, गांव-चौपाल तक ले जाएगी। तमाम विधायक अपने-अपने हलके में जनता के साथ चौपाल बैठक करेंगे। 'वोट चोरी' और एसआईआर में हो रही धांधलियों के खिलाफ जागरुक करेंगे।
यह भी पढ़ें: प्रदेश की संपत्तियां मित्रों को सौंप रहे सीएम सुक्खू, जयराम ठाकुर ने लगाया आरोप
मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि तमाम विधायकों ने आने वाले विधानसभा सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा की। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में जारी विद्यार्थियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कांग्रेस ने कहा कि छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है। उन्हें जरूरत के मुताबिक पूरा स्टाफ और सुविधाएं मिलनी चाहिए।
पार्टी ने कहा कि सरकार को प्रदेश के पूरे शिक्षा तंत्र पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि आज हालत यह है कि बहुत से स्कूलों में न स्टाफ है और न ही सुविधाएं हैं। कॉलेज और विश्वविद्यालय की शिक्षा का स्तर भी लगातार गिर रहा है। पार्टी ने शिक्षा के मुद्दों पर जल्द ही राज्यपाल से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें: पंजाब चुनाव: AAP की दूसरी लिस्ट जारी, सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर लड़ेंगे चुनाव
'हरियाणा के हक का पानी भी चोरी'
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भाखड़ा मैनेजमेंट बोर्ड का मुद्दा भी उठा। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में सिर्फ लोगों के वोट ही चोरी नहीं हो रहे, बल्कि हरियाणा के हक का पानी भी चोरी हो रहा है। इस मुद्दे को भी कांग्रेस विधानसभा में उठाएगी। इसके अलावा निर्णय लिया गया कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर विधानसभा में सरकार से जवाब मांगा जाएगा, क्योंकि यह सरकार किसानों को एमएसपी से खाद तक... हर चीज के लिए तरसा रही है। 25 नवंबर को चंडीगढ़ में दोबारा विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी।
