पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर लोकसभा सीट से सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाए हैं कि उन्हें रात के समय गेस्ट हाउस से निकल जाने को कहा गया। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने इसकी शिकायत लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला से भी की है। उनका कहना है कि 13 अगस्त को वह अपने संसदीय क्षेत्र के सर्किट हाउस में पहुंचीं थीं और कई घंटों के बाद बाहर नारेबाजी शुरू हो गई। उन्होंने नारेबाजी करने वालों का एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में दिखने वाले लोगों का कहना है कि महुआ मोइत्रा जहां जाएंगी, बीजेपी उन्हें वहां पकड़ेगी। महुआ मोइत्रा के मुताबिक, ये लोग बीजेपी के युवा मोर्चा के सदस्य हैं।
महुआ मोइत्रा ने अपने X प्रोफाइल पर कई वीडियो, फोटो और मैसेज शेयर किए हैं। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि उनसे सालाना सफाई के नाम पर कमरा खाली करने को कहा गया जबकि कहीं कोई सफाई नहीं हो रही थी। उन्होंने वीडियो शेयर करके कहा है कि जब वह गेस्ट हाउस के अंदर थीं तब बाहर भीड़ जमा हो गई थी और वे लोग 'जय श्री राम' के नारे लगा रहे थे।
यह भी पढ़ें: नक्सलवाद से पश्चिम एशिया संकट तक, लाल किले से PM मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें
महुआ मोइत्रा के साथ क्या हुआ?
महुआ मोइत्रा ने 14 अगस्त की रात 10 बजे इस संबंध में पहला ट्वीट किया और लिखा कि वह एक दिन पहले कृष्णानगर के सर्किट हाउस में रुकी थीं जो कि सभी सांसदों को आधिकारिक तौर पर मिलता है। उन्होंने लिखा कि रात के 9:47 बजे उन्हें एक अधिकारी का मैसेज आया कि उन्हें अपना कमरा खाली करना होगा। उन्होंने एक और ट्वीट जिसमें सरकारी आदेश की तस्वीर भी शेयर की।
इसी ट्वीट के साथ महुआ ने लिखा कि वह शाम के 6:30 बजे सर्किट हाउस में पहुंचीं। 9:20 पर उन्हें डिनर दिया गया और 9:47 पर उन्हें फोन करके कहा गया कि वह कमरा खाली कर दें। फिर उन्हें 10 बजकर 51 मिनट पर एक मैसेज में आदेश की प्रति भेजी गई। उन्होंने यह भी लिखा कि उस वक्त बाहर 'जय श्री राम' के नारे लगाए गए।
यह भी पढ़ें: पुश्तैनी जमीन बेचकर ऑनलाइन गेमिंग में लुट गया युवक, गंवाए 1.27 करोड़ रुपये
महुआ मोइत्रा ने एक और वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा, 'रात के 11 बजे हैं। मैं सर्किट हाउस में हूं। मुझे कमरा पूरी तरह से तैयार करके दिया गया था। सफाई की तो कोई बात ही नहीं है और ADM ने फोन करके मुझे कहा कि मुझे कमरा खाली करना होगा। मैंने साफ इनकार कर दिया। बाहर भीड़ जमा है जो जय श्री राम की नारेबाजी कर रही है। मैंने सुरक्षा मांगी थी तो सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जाओ और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की तरह सामना करो तो मैं कर रही हूं।'
क्यों हो रही थी नारेबाजी?
महुआ मोइत्रा ने एक वीडियो शेयर करके लिखा कि नारेबाजी करने वालों में से एक शख्स का नाम राजू रक्षित है जो कि बीजेपी युवा मोर्चा का नेता है। इसी वीडियो में एक शख्स ने कहा महुआ मोइत्रा ने सनातन धर्म का अपमान किया इसलिए उनका विरोध किया जा रहा है और वह जहां जाएंगी, वहां ऐसा ही होगा। बता दें यह कई बार हो चुका है जब महुआ मोइत्रा के खिलाफ नारेबाजी की गई हो।
