भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। अगर यह रफ्तार आने वाले सालों में ऐसी ही बनी रहती है। ऐसे में आम लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव हो सकता है। अर्थशास्त्री एलेक्स टबारॉक ने अपने विश्लेषण में भारत की आर्थिक तरक्की को लेकर एक अनुमान लगाया है। उनके अनुसार, अगर भारत की प्रति व्यक्ति GDP हर साल 6% की दर से बढ़ती है। ऐसे में करीब 12 साल में लोगों का जीवन स्तर दोगुना हो सकता है। इसका असर लोगों की कमाई, खर्च और रहन-सहन पर पड़ सकता है।
टबारॉक के रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में भारत की प्रति व्यक्ति GDP 10,039 डॉलर थी। यह 1990 के मुकाबले करीब पांच गुना है। अगर हर साल 6% की बढ़ोतरी जारी रहती है, तो 2037 तक यह आंकड़ा करीब 20,200 डॉलर हो सकता है। वहीं 2040 तक इसके 24,100 डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, ध्यान रहे कि प्रति व्यक्ति GDP का मतलब हर व्यक्ति की सैलरी नहीं है। यह देश की कुल आर्थिक कमाई को आबादी से बांटकर निकाला गया औसत आंकड़ा है।
12 साल में दोगुना हो सकता है जीवन स्तर
आसान भाषा में समझें तो अगर भारत की अर्थव्यवस्था इसी रफ्तार से बढ़ी। फिर करीब 12 साल में लोगों की औसत आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है। उनकी कमाई बढ़ सकती है और खर्च करने की ताकत भी बढ़ सकती है। इससे लोग पहले के मुकाबले बेहतर घर, कार और मोबाइल खरीदने के बारे में सोच सकते हैं।
यह भी पढ़ें: TRAI के नए नियम कैसे बदल देंगे देश का टेलीकॉम गेम? एक-एक बात समझिए
परिवार बच्चों की अच्छी पढ़ाई और बेहतर इलाज पर ज्यादा पैसा खर्च कर सकते हैं। घूमने-फिरने और दूसरी जरूरतों के लिए भी बजट बढ़ सकता है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि हर व्यक्ति की सैलरी अपने आप दोगुनी हो जाएगी। इसका फायदा लोगों तक पहुंचना भी जरूरी होगा।
घर, गाड़ी और इलाज पर बढ़ सकता है खर्च
अगर लोगों की कमाई बढ़ती है तो वे अपनी जरूरतों पर ज्यादा खर्च कर सकते हैं। परिवार घर या कार खरीदना आसान हो सकता है। लोग बच्चों को बेहतर स्कूल और कॉलेज में पढ़ा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर अच्छे अस्पताल में इलाज करा सकते हैं।
इसके अलावा मोबाइल, लैपटॉप और दूसरी चीजों की खरीद भी बढ़ सकती है। परिवार घूमने-फिरने और छुट्टियों पर भी ज्यादा खर्च कर सकते हैं। यानी लोगों के पास सिर्फ जरूरी चीजें खरीदने के बजाय अपनी पसंद की चीजों पर खर्च करने के मौके बढ़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: स्कॉटलैंड में बनी तो स्कॉच, कहीं और बनी तो व्हिस्की, इसका क्या गणित है?
बचत और निवेश के लिए भी बढ़ सकता है पैसा
कमाई बढ़ने पर लोगों के पास खर्च के बाद कुछ पैसा बच सकता है। इससे बैंक में बचत बढ़ सकती है। लोग म्यूचुअल फंड, बीमा और पेंशन जैसी योजनाओं में भी निवेश कर सकते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई, घर खरीदने और बुढ़ापे के लिए पैसा जोड़ना आसान हो सकता है। लेकिन ऐसा तभी संभव होगा, जब लोगों की कमाई महंगाई के मुकाबले ज्यादा तेजी से बढ़े।
टबारॉक की रिपोर्ट में भारत की तुलना चीन से भी की गई है। 2025 में चीन की प्रति व्यक्ति GDP PPP के आधार पर 25,067 डॉलर थी। वहीं, भारत का आंकड़ा 10,039 डॉलर था। यानी दोनों देशों के बीच अभी बड़ा अंतर है। अगर भारत की आर्थिक बढ़ोतरी लगातार अच्छी रहती है, तो यह अंतर कम हो सकता है। हालांकि, इसके लिए भारत को लंबे समय तक इसी रफ्तार से आगे बढ़ना होगा।
भारत के सामने ये चुनौतियां
टबारॉक के अनुसार, भारत को आगे बढ़ने के लिए रोजगार के नए मौके बनाने होंगे। कारोबार शुरू करना आसान करना होगा। जमीन से जुड़े कामों में सुधार करना होगा। शहरों में प्रदूषण कम करने और अदालतों में मामलों का जल्द निपटारा करने पर भी ध्यान देना होगा।
सबसे जरूरी बात यह है कि आर्थिक बढ़ोतरी का फायदा आम लोगों तक पहुंचे। इसके लिए अच्छी नौकरियां और बेहतर वेतन जरूरी हैं। अगर भारत 6% की रफ्तार बनाए रखता है और इन चुनौतियों पर काम करता है, तो अगले 12 साल में आम लोगों की जिंदगी पहले से बेहतर हो सकती है। हालांकि, यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि देश की अर्थव्यवस्था किस रफ्तार से आगे बढ़ती है और लोगों की कमाई में कितना सुधार होता है।
