भारत और नेपाल की दोस्ती सदियों पुराने साझा इतिहास, संस्कृति, धर्म और 'रोटी-बेटी' के अटूट पारिवारिक रिश्तों की नींव पर टिकी है। एशिया की शायद ही कोई अन्य दो सीमाएं हों, जहां दोनों देशों के नागरिक बिना किसी वीजा या पासपोर्ट के बेरोकटोक एक-दूसरे के घर आ-जा सकते हैं और काम कर सकते हैं।
भारत और नेपाल, दशकों तक अच्छे पड़ोसी की तरह रहे हैं। हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। चाहे साल 2015 में आया विनाशकारी भूकंप के बाद भारत का 'ऑपरेशन मैत्री' हो या आज के दौर में जलविद्युत, रेल संपर्क और डिजिटल भुगतान की पहल पर आगे बढ़ने की बात, भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है।
भारत और नेपाल के रिश्ते में कुछ चुनौतियां भी हैं, जिन्हें दरकिनार नहीं किया जा सकता है। अच्छे पड़ोसी होने के बाद भी नेपाल और भारत के बीच कई बार विवाद सामने आए हैं। कई बार नेपाल की तरफ से ऐसी बयानबाजी हुई, जिसकी वजह से भारत के साथ रिश्ते असहज हुए। नेपाल में जब तक राजशाही रही, भारत के साथ संबंध बेहतर रहे, माओवादी शासन के बाद नेपाल का झुकाव चीन की तरफ हुआ।
यह भी पढ़ें: भारत दौरे पर नेपाली PM बालेन्द्र शाह, उलझे मुद्दों पर बन जाएगी बात?
भारत और नेपाल के रिश्ते कैसे रहे हैं?
भारत और नेपाल के रिश्तों की ऐतिहासिक बुनियाद सदियों पुरानी है। ब्रिटिश दौर से लेकर 1950 की संधि तक, भारत और नेपाल दस्तावेजों में भी करीब रहे हैं। साल 1814 से 1816 के बीच हुए एंग्लो-नेपाल युद्ध के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी और नेपाल के बीच सुगौली संधि हुई। 4 मार्च 1816 को नेपाल ने सिक्किम, कुमाऊं, गढ़वाल और पश्चिमी तराई का इलाका खो दिया। पूरब में मेची नदी और पश्चिम में काली नदी नेपाल की सीमा मानी गई।
21 दिसंबर 1923 को काठमांडू में नेपाल-ब्रिटेन संधि पर हस्ताक्षर हुए, जिसमें दोनों सरकारों ने एक-दूसरे की आंतरिक और बाहरी स्वतंत्रता को स्वीकार किया। भारत की आजादी के बाद 31 जुलाई 1950 को काठमांडू में भारत-नेपाल शांति और मैत्री संधि पर हस्ताक्षर हुए। इस पर नेपाल के आखिरी राणा प्रधानमंत्री मोहन शमशेर जंग बहादुर राणा और भारतीय राजदूत चंद्रेश्वर नारायण सिंह ने दस्तखत किए।
दोनों देशों के नागरिक बिना पासपोर्ट या वीजा के सीमा पार कर सकते हैं। दोनों देशों की खुली सीमा करीब 1,751 किलोमीटर लंबी है और पांच भारतीय राज्यों, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम से लगती है। 1947 के त्रिपक्षीय समझौते के तहत भारतीय सेना की 7 गोरखा रेजिमेंटों में दशकों से हजारों नेपाली गोरखा सैनिक सेवा देते आ रहे हैं। दोनों देशों के बीच भरोसे का संबंध रहा है। लेकिन क्या ऐसा हमेशा रहा है, कब-कब भारत और नेपाल के रिश्तों में तल्खी आई? आइए समझते हैं-
पहली बार, जब नेपाल भारत के संबंधों में आई तल्खी
1960 के दशक में भारत और नेपाल के रिश्तों में खटास आई। 15 दिसंबर 1960 को राजा महेंद्र ने बी.पी. कोइराला के मंत्रिमंडल को हटाया और कोइराला को जेल भेजा। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय पंचायत व्यवस्था शुरू की। 16 दिसंबर 1962 के संविधान ने इसे औपचारिक रूप दिया। राजा महेंद्र ने इसी दौरान चीन से नजदीकी बढ़ाई। नेपाल और चीन ने 5 अक्टूबर 1961 को सीमा संधि पर हस्ताक्षर किए। काठमांडू-कोदारी हाइवे का समझौता अक्टूबर 1961 में हुआ। इसका निर्माण 1963 में शुरू हुआ और सड़क 1967 में औपचारिक रूप से खुली। इस हाइवे को लेकर भारत के साथ तनाव रहा।
दूसरी बार, जब चीन की तरफ झुका नेपाल
1989 में दोनों देशों के बीच बड़ा विवाद हुआ। व्यापार और आवाजाही से जुड़ी संधियां 23 मार्च 1989 को खत्म हो गईं। भारत एक संयुक्त संधि चाहता था, जबकि नेपाल ने इससे इनकार किया। चीन से एंटी-एयरक्राफ्ट गन की खरीद भी दोनों देशों के बीच विवाद की बड़ी वजह बनी। इसके बाद भारत ने ज्यादातर सीमा पर आवाजाही वाले क्षेत्रों को बंद किया। नेपाल को मार्च 1989 से अप्रैल 1990 तक करीब 13 महीने इसका सामना करना पड़ा, फिर रिश्तों पर जमी बर्फ पिघली।
IC-814 कांड ने भी बिगाड़े थे रिश्ते
24 दिसंबर 1999 को रिश्तों पर एक और असर पड़ा। इंडियन एयरलाइंस का विमान IC-814 काठमांडू से दिल्ली आ रहा था, जब उसका अपहरण हुआ। नेपाल के एक पूर्व अधिकारी के मुताबिक भारत ने नेपाल के हवाई अड्डे की सुरक्षा पर सवाल उठाए और काठमांडू की उड़ानें निलंबित कर दीं। 5 महीने के निलंबन के बाद ये उड़ानें 1 जून 2000 को फिर शुरू हुईं। भारत सरकार ने संसद में काठमांडू स्थित पाकिस्तानी दूतावास के कर्मियों से अपहरणकर्ताओं को मदद मिलने की रिपोर्ट्स का जिक्र किया। नेपाल की उच्चस्तरीय जांच समिति ने निष्कर्ष निकाला था कि अपहरण के दिन त्रिभुवन हवाई अड्डे पर सुरक्षा में कमी नहीं थी।
यह भी पढ़ें: बालेंद्र शाह भारत क्यों आए, नेपाल ने अचानक बदली नीति?
बीते एक दशक में क्यों तनाव बढ़ा?
2015 में रिश्ते फिर बिगड़े। नेपाल का नया संविधान 20 सितंबर 2015 को पारित हुआ। मधेसी और थारू समुदाय इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद भारत-नेपाल सीमा पर करीब 5 महीने की नाकेबंदी चली। नेपाल सरकार ने भारत पर अनौपचारिक नाकेबंदी लगाने का आरोप लगाया। भारत सरकार ने इस आरोप से इनकार किया। मई 2020 में सीमा विवाद फिर बढ़ा।
8 मई 2020 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में घटियाबगड़ से लिपुलेख दर्रे तक सड़क का उद्घाटन किया। इसके बाद 20 मई को तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार ने नया राजनीतिक नक्शा जारी किया, जिसमें लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी शामिल थे। नेपाल के निचले सदन ने 13 जून और ऊपरी सदन ने 18 जून 2020 को इस नक्शे से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित किया।
भारत क्या सुधारना चाहता है?
नेपाल में चीन की मौजूदगी बढ़ गई है। चीन के साथ नेपाल का व्यापार 10 साल में 3 गुना से ज्यादा हो गया। बालेंद्र शाह की यात्रा के दौरान जारी एक साझा विजन दस्तावेज में जल संसाधन, ऊर्जा, व्यापार और सीमा से जुड़े बकाया मुद्दों को आपसी बातचीत से सुलझाने की बात कही गई है। दस्तावेज में 1950 की संधि की समीक्षा आपसी सहमति से करने की बात भी है। बालेंद्र शाह ने कहा कि सालों के उतार-चढ़ाव वाले रिश्ते के बाद भरोसा बनाना दोनों देशों के लिए मुख्य आधार होगा।
रिश्ते सुधारे की क्या कोशिशें हो रहीं हैं?
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 से 23 नवंबर को राज्य यात्रा पर भारत आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने के लिए न्योता दिया था। मार्च में सत्ता संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा थी। दिल्ली में दोनों नेताओं की बातचीत के बाद भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपये के पैकेज का ऐलान किया।
इस पैकेज में 3,500 करोड़ रुपये का अनुदान है। यह अगस्त की बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और नई बुनियादी परियोजनाओं के लिए है। बाकी 11,500 करोड़ रुपये ऊर्जा परियोजनाओं के लिए रुपये में कर्ज की सुविधा है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा कि यह अब तक नेपाल को मिली सबसे बड़ी वित्तीय सहायता है। नेपाल को बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए करीब 5 अरब डॉलर की जरूरत बताई गई है। यह उसकी अर्थव्यवस्था का करीब 10वां हिस्सा है।
बालेंद्र शाह के आने से मिलेगा क्या?
दोनों देशों ने 10 सूत्रीय एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जिसका नाम 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल: साझेदारी की पुनर्कल्पना' है। इसमें व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल संसाधन, शासन, तकनीक, शिक्षा, खेल, संस्कृति, स्वास्थ्य और कृषि पर सहयोग की बात है।
दस्तावेज में कहा गया है कि 1950 की शांति और मित्रता संधि सहित मौजूदा समझौतों की आपसी सहमति से समीक्षा की जा सकती है। जल संसाधन, ऊर्जा, व्यापार और सीमा से जुड़े बाकी मुद्दों को आपसी बातचीत से सुलझाने पर बात आगे बढ़ सकती है।
नेपाल को क्या मिला है?
अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू हुई। धारचूला (भारत) और दार्चुला (नेपाल) के बीच नए मोटरेबल पुल का उद्घाटन हुआ। लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की नींव रखी गई। मोतिहारी-अमलेखगंज तेल पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया। प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पाइपलाइन के झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास भी हुआ है। भारत ने नेपाल के ट्रांजिट गुड्स के लिए कांडला (गुजरात) और पारादीप (ओडिशा) बंदरगाहों की अतिरिक्त सुविधा देने की घोषणा की। चितवन में कृषि-औद्योगिक पार्क और नेपाल में ऑफ-शोर IIT परिसर बनाने की बात भी हुई।
रक्सौल-काठमांडू विद्युतीकृत ब्रॉड गेज रेल लाइन का अंतिम स्थान सर्वे पूरा हुआ। आयुर्वेद, स्वास्थ्य, शहरी विकास, पशुपालन, शासन, उपग्रह संचार और पुलिस प्रशिक्षण से जुड़े आठ समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर हुए। समझौतों पर अमल के लिए हाई-लेवल मॉनिटरिंग ग्रुप को सक्रिय किया गया है। इसकी अगुवाई नेपाल के विदेश सचिव और भारत के राजदूत करेंगे। यह समूह कम से कम हर छह महीने में बैठेगा। इसकी रिपोर्ट भारत-नेपाल संयुक्त आयोग को जाएगी। आयोग की अगली बैठक 2027 में होगी।
यह भी पढ़ें: बिहार-नेपाल के इनरवा बॉर्डर पर क्यों भड़के लोग? टायर जलाकर किया प्रदर्शन
पुरानी दोस्ती बहाल हो पाएगी?
चीन के साथ नेपाल का व्यापार 10 साल में तीन गुना से ज्यादा हुआ है लेकिन नेपाल सरकार इन आंकड़ों को खारिज करती रही है। नेपाल सरकार के आंकड़ों के मुताबिक 2024-25 में भारत से मिली सहायता राशि चीन से 4 गुना से ज्यादा रही। अगस्त की बाढ़ में भारत सबसे पहले मदद पहुंचाने वाला देश था। भारत ने राहत सामग्री भेजी और संचार बहाली में मदद की। चीन ने भी नकद सहायता, राहत सामग्री के पांच खेप और 20 से ज्यादा बचाव और फोरेंसिक विशेषज्ञ भेजे। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि नेपाल के साथ उसका सहयोग किसी तीसरे देश के खिलाफ नहीं है।
बालेंद्र शाह ने भारत को भरोसेमंद पड़ोसी बताया और भारतीय निवेश का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती ऐसी हो, जिसमें भरोसा हिमालय जितना ऊंचा हो। नेपाल में यात्रा से पहले विपक्षी नेताओं ने मांग की थी कि प्रधानमंत्री सीमा, संधियों, व्यापार और जलविद्युत जैसे पुराने मुद्दों पर राष्ट्रीय सहमति बनाकर जाएं। जून में बालेंद्र शाह के सीमा पर दिए बयान की संसद में आलोचना भी हुई थी। अब भारत में दिए गए भाषण से अलग, अपनी जमीन पर वह कौन से फैसले करते हैं, उसी से भारत और नेपाल के संबंध तय हो पाएंगे।
