भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर बुधवार को श्रीनगर पहुंचे। यहां उन्होंने जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती की जमकर तारीफ की और कहा कि यह भारत का अहम हिस्सा है। अब सोशल मीडिया पर सर्जियो गोर का यह वीडियो खूब वायरल है। पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती की मांग पर उन्होंने आश्वासन दिया कि अमेरिका अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा करेगा। बता दें कि सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार को गोर लद्दाख जाएंगे।

 

राजदूत सर्जियो गोर ने सीएम उमर अब्दुल्ला से उनके आवास पर मुलाकात की। मीडिया से बातचीत में सर्जियो गोर ने कहा, 'अमेरिका यात्रा से जुड़ी चेतावनियां जारी करता है और हम समय-समय पर इनकी समीक्षा भी करते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन हम इस मुद्दे पर विचार जरूर करेंगे।'

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: 'सुधर जाओ वरना सुधार देंगे...', सरकार को धमका क्यों रही है CJP?

'जम्मू-कश्मीर बेहद खूबसूरत जगह'

आगे कहा, 'हमारा मानना है कि नई दिल्ली, 'यहां के मुख्यमंत्री तथा प्रशासन ने इस क्षेत्र को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए कुछ बेहतरीन कदम उठाए हैं। इसलिए हम इस बात पर विचार करेंगे कि क्या अमेरिका की तरफ से जारी यात्रा चेतावनी के स्तर को कम किया जाना चाहिए, क्योंकि जैसा कि मैंने पहले कहा, यह एक खूबसूरत जगह है। मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी जम्मू-कश्मीर आकर इसकी खूबसूरती का दीदार करना और यहां मौजूद अवसरों के बारे में जानना पसंद करेंगे।'

जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा: गोर

सर्जियो गोर ने यह भी कहा, 'जम्मू-कश्मीर भारत का एक अहम हिस्सा है। मैं पहली बार यहां आया हूं और यह जगह बेहद खूबसूरत है। मैं यहां आकर बहुत उत्साहित हूं। हमारी अभी बहुत अच्छी बातचीत हुई। कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिन्हें हम वाशिंगटन और नई दिल्ली के समक्ष उठाने की उम्मीद करते हैं। यह एक बहुत ही गर्मजोशी भरी और सौहार्दपूर्ण बैठक थी। हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने को उत्सुक हैं।'

 

यह भी पढ़ें: भारत के चुनावी सिस्टम की तारीफ क्यों करने लगे ट्रंप? अमेरिका में वोटर ID की मांग

अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के साथ मजबूत होंगे संबंध: उमर अब्दुल्ला

सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि एक बहुत अच्छी बैठक हुई। हमें दोनों देशों के बीच संबंधों पर चर्चा करने का मौका मिला। इसमें खासतौर पर इस बात पर ध्यान दिया गया कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के मामले में क्या कर सकता है। उन्होंने आगे कहा, 'जाहिर है कि कुछ पुरानी समस्याएं हैं, जिन्हें हम समय के साथ सुलझाने की कोशिश करेंगे। लेकिन हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। यह बातचीत राजदूत गोर और वाशिंगटन के बीच तथा यहां नई दिल्ली में मेरे और केंद्र सरकार के बीच होगी। पूरी उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच संबंध और अधिक व्यापक व मजबूत होंगे।'