साल 2026 में मजबूत हुए अल नीनो के बाद 2027 में ला नीना की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) की 15 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2026 से मार्च 2027 तक अल नीनो की स्थिति बने रहने की संभावना 87 से 100 फीसदी है। इसके बाद जून से अगस्त 2027 से ला नीना का असर देखने को मिल सकता है। अप्रैल से जून 2027 के बीच समुद्र की स्थिति सामान्य रहेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 की दूसरी छमाही में प्रशांत महासागर ठंडा था, जिसे ला नीना कहते हैं। सितंबर से नवंबर 2025 में तापमान सामान्य से करीब 1.3°C कम था। इसके बाद फरवरी से अप्रैल 2026 में तापमान सामान्य हो गया। वहीं मई 2026 से पानी गर्म होने लगा। अक्टूबर तक यह सामान्य से 3°C ज्यादा गर्म हो गया।
यह भी पढ़ें: हॉन्ग कॉन्ग ओपन: सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में हारे, लक्ष्य सेन भी फाइनल से चूके
पहले समझिए ला नीनो और अल नीनो है क्या?
अल नीनो की स्थिति तब बनती है, जब प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। इस स्थिति में भारत में मानसून कमजोर पड़ सकता है और बारिश कम हो सकती है। अभी इसी का प्रभाव देखने को मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार अल नीनो और इसके मजबूत रूप 'सुपर अल नीनो के कारण मानसून कमजोर पड़ने, फसल रकबे में गिरावट, जल संकट और तापमान बढ़ने जैसे गंभीर प्रभाव देखने को मिले हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में जून-सितंबर के दौरान मानसून की बारिश एक दशक से भी अधिक समय में सबसे कम रही, और पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र में औसत से 41 फीसदी तक कम बारिश दर्ज हुई। ऐतिहासिक रूप से भारत के 10 में से 7 अल नीनो वर्षों में सामान्य से कम मानसूनी बारिश होती है।
इसके अलावा, कम बारिश से 2026 के सुपर अल नीनो के चलते भारत में गेहूं का रकबा पिछले 26 साल में सबसे कम रहने का अनुमान है। 5 जुलाई 2026 तक देश में कुल खेती का रकबा पिछले साल की तुलना में 20.8 फीसदी कम हुआ, जबकि 2023 से 24 के अल नीनो के दौरान भारत के कृषि उत्पादन में लगभग 6.1 फीसदी की गिरावट आई थी।
वहीं ला नीना की स्थिति तब बनती है, जब प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से ज्यादा ठंडा हो जाता है। इससे भारत में मानसून बेहतर हो सकता है और बारिश बढ़ सकती है। 2027 का अनुमान और INCOIS के मुताबिक, जून-अगस्त 2027 से ला नीना की स्थिति बनने के संकेत हैं। इससे किसानों को अच्छे मानसून की उम्मीद मिल सकती है।
2027 में कब कमजोर होगा अल नीनो?
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्से में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। इसे नीनो 3.4 इंडेक्स कहा जाता है और यह मजबूत अल नीनो की स्थिति का संकेत है। नवंबर 2026 से मार्च 2027 तक अल नीनो के बने रहने की संभावना 87 से 100 फीसदी तक है।
इसके बाद अप्रैल से जून 2027 के बीच अल नीनो कमजोर पड़ सकता है और सामान्य ENSO स्थिति बनने की संभावना है। इसके बाद जून-अगस्त 2027 से ला नीना की स्थिति बनने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्ट में आगे के महीनों में इसकी संभावना करीब 70 से 90 फीसदी तक बताई गई है। 2027 में ला नीना की संभावना किसानों के लिए राहत की उम्मीद जगा रही है।
किसानों के लिए संकेत क्या है?
रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 के मध्य से ला नीना की स्थिति बनने की संभावना बढ़ रही है। यह भारत के अगले मानसून के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। हालांकि, किसानों को अभी से अच्छी बारिश मानकर फसल की योजना नहीं बनानी चाहिए। मानसून की सही स्थिति के लिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मौसमी पूर्वानुमान का इंतजार करना ठीक रहेगा। हालांकि यह तो साफ है कि 2026 में मजबूत अल नीनो के बाद 2027 में ला नीना की संभावित वापसी मौसम के लिहाज से एक बड़ा बदलाव हो सकती है।
