भारतीय सेना ने मंगलवार को कश्मीर के बडगाम जिले के ऊंचे इलाकों में एनकाउंटर के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक आतंकवादी को मार गिराया। एनकाउंटर के दौरान दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई, जिसके बाद सेना को सफलता मिली। यह एनकाउंटर यूसमर्ग के कोराग इलाके में हुआ। सुरक्षा बलों ने खास इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर एक जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

 

यह ऑपरेशन सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF श्रीनगर ने किया। सेना कोराग के आम इलाके में सर्च कर रही थी तभी सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और ऑपरेशन शुरू किया।

 

यह भी पढ़ें: अरुणाचल में असम राइफल्स की टीम पर उग्रवादी हमला, 1 जवान की मौत; चार घायल

मरने वाले आतंकी का नाम 'मूसा'

कश्मीर स्थित चिनार कोर ने मारे गए आतंकवादी की पहचान का खुलासा नहीं किया है लेकिन अधिकारियों ने उसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ 'मूसा' के रूप में की है। सेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया कि उसने अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मध्य कश्मीर के कोराग, यूसमर्ग के सामान्य क्षेत्र में अभियान शुरू किया था।

 

सेना ने कहा, 'सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकवादी को मार गिराया गया।' अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी जारी है और इस दौरान वन क्षेत्र दूधपथरी में हुई मुठभेड़ में मूसा मारा गया है।

 

यह भी पढ़ें: FCRA लाइसेंस दिलवाने के बदले मांगी रिश्वत, गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार

लश्कर-ए-तैयबा के लिए बड़ा झटका

उन्होंने कहा कि कई सालों से पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर हुए कई हमलों में शामिल होने के कारण वांछित मूसा इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ से बच निकला था। अधिकारियों के अनुसार, उसका करीबी सहयोगी यासिर पांच सितंबर को हुई उस मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों ने कहा कि मूसा का मारा जाना जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।