महाराष्ट्र के पुणे से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। कोर्ट के बाहर दिन दहाड़े 5 से 6 बदमाशों ने एक शख्स पर धारदार हथियारों से हमला किया। घटना का विचलित करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। आरोपी युवक को लहूलुहान करने के बाद मौके से भाग निकलते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो बदमाश एक युवक पर बेरहमी से धारदार हथियार से कई बार हमला करते हैं। बुरी तरह से लहूलुहान करने के बाद मौके फरार हो जाते हैं। घायल युवक खड़ा होता है। कुछ देर चलने के बाद वह जमीन पर ही गिर जाता है। उसके दोनों हाथ कटकर लटक रहे होते हैं। दो स्कूटी में कुल छह बदमाश फरार वारदात को अंजाम देने आए थे।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर वारदात को अंजाम दिया गया। घायल शख्स की पहचान मंदार किवडे के तौर पर हुई है। घटना शिवाजीनगर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर की है। घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि गोली लगने का कोई निशान नहीं मिला है।
पुणे पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से दो बंदूक भी मिली हैं। संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। धर-पकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया है। घायल शख्स के खिलाफ पिछले साल हत्या का एक मामला दर्ज किया गया था। वह कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस अब इस एंगल से भी मामले की जांच में जुटी है।
खबर अपडेट की जा रही है...
