मणिपुर में एक फिर से हिंसा भड़क उठी है। इस बार राज्य के सेनापति जिले में सोमवार को दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी हो गई। इस गोलीबारी में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया और कई घरों में आगजनी भी की गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़कें जाम कर दी हैं।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि उपद्रवियों ने कांगपोकपी जिले के ताफू कुकी गांव में रात करीब 2:30 बजे एक घर में आग लगा दी।
पुलिस ने जानकारी में क्या बताया?
पुलिस ने कहा, 'कांगपोकपी में आगजनी की घटना के बाद, सेनापति जिले के नागा ताफू इलाके में सुबह करीब चार बजे कई घरों को जला दिया गया। सुबह करीब 9:20 बजे ताफू नगा इलाके में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। उसे सेनापति जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।'
यह भी पढ़ें: 'यह सामान्य प्रक्रिया', सर्जियो गोर के मीडिया से बात न करने के दावे पर बोला भारत
इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सेनापति में आगजनी की घटनाओं के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। स्थानीय लोग सेनापति गेट पर जमा हो गए और उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर टायर आदि जलाए, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उन्होंने कहा, 'स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।'
मणिपुर में सैकड़ों की मौतें
ताफू कुकी ग्राम प्राधिकरण ने एक बयान में संपत्ति के नुकसान की कड़ी निंदा की और दोषियों की पहचान 24 घंटे के भीतर किए जाने की मांग की। मई 2023 से मैइती और कुकी-ज़ो समुदायों के बीच जारी जातीय संघर्ष में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: 'सौरव दास का पता क्यों दिखाया?', मीडिया, X, गूगल, दिल्ली HC ने सबको भेजा नोटिस
दिल्ली रवाना हुए बीरेन सिंह
मणिपुर में फिर से हिंसा फैलने के बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह मणिपुर की मौजूदा स्थिति पर बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात और चर्चा करने के लिए सोमवार सुबह दिल्ली रवाना हुए। बीरेन सिंह की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब राज्य में जनगणना से पहले एनआरसी को अद्यतन करने की मांग तेज हो रही है।
