नीट यूजी-2026 पेपर लीक मामले पर मिजोरम के राज्यपाल जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। 'सेना संवाद' के बीच में वीके सिंह ने कहा कि नीट का पेपर लीक हो सकता है, लेकिन आर्मी और एयरफोर्स का नहीं हो सकता है। उन्होंने इसके पीछे सेना के निष्पक्ष सिस्टम को वजह बताया।
बता दें कि 3 मई को नीट-यूजी 2026 की परीक्षा आयोजित की गई थी। बाद में पता चला कि सोशल मीडिया पर पेपर पहले ही लीक हो चुका था। मामला प्रकाश में आने के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी है। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। राजस्थान और महाराष्ट्र से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। रसायन विज्ञान के एक प्रवक्ता को पेपर लीक का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। 21 जून को दोबारा परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: क्या NCP में सबकुछ ठीक नहीं, प्रफुल पटेल और तटकरे के नाम पर क्यों मचा बवाल?
नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में वीके सिंह ने कहा, नीट का पेपर लीक हो सकता है, लेकिन आर्मी के अंदर पेपर लीक नहीं हो सकता है। एयरफोर्स में नहीं हो सकता। हमने ऐसी व्यवस्थाएं बनाई हैं, जो पूरी तरह से निष्पक्ष हैं।'
उन्होंने आगे कहा, आर्म्स फोर्सेज में भी प्रतियोगी परीक्षाएं होती हैं। ये जो प्रतियोगी परीक्षाएं होती हैं, इनकी करेक्शन भी अलग तरीके से होती है। जो मूल्यांकन टीम होती है, उसमें एक व्यक्ति एक सवाल को करेक्ट करता है। अगर हजारों लोग हैं तो उसकी गलती हजारों लोगों में बराबर चलती है। बहुत फेयर सिस्टम है। इससे ज्यादा फेयर आपको कहीं कुछ भी नहीं मिलेगा। अगर फेयरनेस, डिसिप्लिन, मोटिवेशन और अपने देश के लिए काम करने की इच्छा देखनी है तो आपको वह फौज के अलावा कहीं भी मिलना मुश्किल है।'
सशस्त्र बलों में एकता और राष्ट्र हित सबसे ऊपर: वीके सिंह
वीके सिंह ने आगे बताया कि सशस्त्र बलों के भीतर गहरे भरोसे और एकता की एक मजबूत भावना है। जब भी देश में कोई समस्या आती है, चाहे वह कोई प्राकृतिक आपदा हो या कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला हो या कोई भी ऐसी स्थिति जिससे निपटने में सिविल प्रशासन असमर्थ होता है तो वे सशस्त्र बलों को बुलाते हैं। ऐसा क्यों? यह सवाल खुद से पूछिए।
यह भी पढ़ें: 'बड़ी आबादी गरीबी के दलदल में फंस जाएगी', नीदरलैंड से PM मोदी की बड़ी चेतावनी
आखिर पुलिस, प्रशासन, पैरामिलिट्री फोर्स और सशस्त्र बलों में काम करने वाले लोग एक ही बैकग्राउंड से आते हैं। शायद वे एक ही गांव या शहर के रहने वाले होते हैं। शायद वे आपस में रिश्तेदार भी होते हैं, लेकिन सशस्त्र बल ही सफल क्यों होते हैं? उनकी सफलता के पीछे दो मुख्य कारण हैं। पहला- उनके बीच जबरदस्त एकता होती है, क्योंकि सशस्त्र बल जाति और धर्म के आधार पर कभी नहीं बंटते। दूसरा- वे हमेशा राष्ट्र को सबसे ऊपर रखते हैं। उनके लिए राष्ट्र ही सर्वोपरि है। यही कारण है कि जब भी वे किसी विशेष कार्य में अपना पूरा जोर लगाते हैं तो उन्हें सफलता जरूर मिलती है।
