लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को नई दिल्ली में रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया। मंच से राहुल गांधी ने ईरान युद्ध का जिक्र किया और कहा कि मोदी सरकार के पास इसका फायदा उठाने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकी।
पाकिस्तान ने भारत की जगह ली और युद्ध में मध्यस्थता की। उन्होंने दावा किया कि सरकार में अंदरखाते बगावत चल रही है। इसकी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय से सीधे उन्हें सीधे मिल रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि ईरान में युद्ध हुआ। अगर हिंदुस्तान अपनी ताकत को समझता और अगर हिंदुस्तान का नेता इंदिरा गांधी जैसा होता तो हिंदुस्तान के लिए दुनिया में सबसे बड़ा अवसर आपके सामने आया था। राहुल गांधी ने आगे कहा, 'कैसा अवसर? ईरान हमारा पुराना दोस्त। अमेरिका और रूस हमारे दोस्त। हम उपयुक्त बनकर इनकी दोस्ती बना सकते थे।' राहुल गांधी ने पूछा कि हुआ क्या? आगे कहा कि पाकिस्तान ने हमारी जगह ले ली। मध्यस्थ बन गया। हिंदुस्तान और मोदी जी देखते रह गए कि यह हुआ क्या भाई? यह कैसे हुआ?
यह भी पढ़ें: क्या नीतीश की शराबबंदी बनी सम्राट चौधरी का सिरदर्द? बिहार सह रहा राजस्व नुकसान
'अंदर बगावत चल रही, पीएमओ से मिल रही जानकारी'
राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दफ्तर से जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा, 'आजकल मुझे मोदी जी के ऑफिस से जानकारी मिलती है। अंदर बगावत चल रही है।'
चीन हमें पेट्रोलिंग नहीं करने दे रहा: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अरुणाचल में पेट्रोलिंग का मुद्दा उठाया और चीन का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'अरुणाचल में चीन ने हमारे पेट्रोलिंग एरिया में हमें पेट्रोलिंग से मना कर दिया। उसने (चीन) कहा कि यह सब ठीक है, यह आपकी जमीन है, लेकिन पेट्रोलिंग नहीं कर सकते।'
'खबर छुपाने का बनाया जा रहा दबाव'
राहुल गांधी ने आगे कहा, ' राजनाथ सिंह , अमित शाह और नरेंद्र मोदी की हवा निकल गई। ऑपरेशन अभी चल रहा है, लेकिन वे सभी मीडिया एडिटर्स को कॉल कर रहे हैं कि ये बात आप अपने अखबारों में मत डालो; छुपा दो।' राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वे बिना सोचे-समझे देश का नुकसान कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बाढ़ पीड़ितों ने जदयू विधायक कोमल सिंह की गाड़ी को घेरा, जमकर हुआ हंगामा
राहुल गांधी ने गलवान घटना का भी उल्लेख किया। और कहा, 'हमने देखा कि गलवान के बाद प्रधानमंत्री जूम कॉल पर आए। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंदुस्तान की जमीन का एक इंच चीन ने नहीं लिया। उसके बाद सेना कहती है कि हिंदुस्तान की जमीन तो ले गए। आप सोचिए कि चीन को संदेश क्या गया? चीन के वार्ताकारों ने हमारे वार्ताकारों से कहा कि आप क्या बकवास कर रहे हो? आपके प्रधानमंत्री ने बोला कि आपकी कोई जमीन नहीं गई।'
राहुल गांधी ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर देश को अंदरूनी रूप से खत्म करने का आरोप लगाया और कहा कि विदेश नीति को उड़ा दिया गया है।
