प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौर पहुंचे। इस दौरान वह हुगली जिले के तारकेश्वर में ‘पश्चिमबंग दिवस’ समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में मोदी ने पीएम-किसान योजना की 18,880 करोड़ रुपये की 23वीं किस्त जारी की, जिससे पूरे भारत में 9.44 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए।
बंगाल में बनी बीजेपी की नई नवेली सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि बंगाल की हवा में एक नई ताज़गी है, जैसे राज्य अब बेड़ियों से आजाद हो गया है। पीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार ने बंगाल के विकास के लिए बहुत तेजी से काम करना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें: 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो', जंतर-मंतर से CJP ने फिर मांग दोहराई
कांग्रेस ने घुटने टेक दिए थे- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने तारकेश्वर की एक रैली में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब पूरे बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की कोशिशें हो रही थीं, तब कांग्रेस ने साजिश रचने वाली ताकतों के सामने घुटने टेक दिए थे। उन्होंने कहा कि बंगाल की पिछली टीएमसी सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन हस्तांतरण को रोक दिया था, यह प्रक्रिया मौजूदा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई है।
'जिसने पैसा लूटा था, वे अब उसे लौटा रहे हैं'
साथ ही उन्होंने कहा कि बंगाल में जिन लोगों ने जनता का पैसा लूटा था, वे अब उसे लौटा रहे हैं, उन्हें जेल भेजा जा रहा है। कहा, 'हमने देखा है कि पिछली सरकारों ने कैसे काम किया। उन्होंने बंगाल को पीछे धकेला और इसे पलायन की भूमि बना दिया। बंटवारे के समय कांग्रेस ने बंगाल को अनाथ छोड़ दिया था और स्वतंत्रता के बाद तुष्टीकरण की राजनीति की।'
यह भी पढ़ें: अपने रिस्क पर करें ट्रेन यात्रा, दिल्ली में प्लेटफॉर्म पर ही युवक की हत्या
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि भी दी और भारतीय जनसंघ के संस्थापक की जयंती के मौके पर कोलकाता में उनकी 125 फुट ऊंची मूर्ति लगाने का ऐलान किया।


