प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में एक कार्यक्रम के दौरान युवाओं से संवाद किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्यक्रम में करीब 6 हजार युवा शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम के दौरान पीएम  मोदी ने गुजरात के वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण क‍िया। इस कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए आपके बीच आया हूं। उन्होंने इन परियोजनाओं के उद्घाटन पर देश की जनता को बधाई दी। 

 

वडोदरा में आयोजित 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा, 'आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। आज 2800 किलोमीटर से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया। यह डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर इस बात का साक्षी है कि बीते 12 साल में देश की काम करने की संस्कृति कैसे बदली है।' 

 

यह भी पढ़ें: IAS नवीन मित्तल के PS को आया अटैक, CPR देते रहे मंत्री, नहीं बची जान

 

AI पर कही अहम बात

युवाओं से संवाद करते हुए पीएम मोदी ने AI पर भी अपनी बात रखी। पीएम ने कहा कि अगर भारत को AI का सुपरपावर बनना है तो इसके लिए पूरा इकोसिस्टम तैयार करना होगा। इसके लिए यूरेनियम और रेयर अर्थ मटेरियल की उपलब्धता बढ़ाने के साथ युवाओं की स्किल ट्रेनिंग और अपग्रेडेशन पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि स्किल पर फोकस किया जा रहा है। इस दौरान पीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि देश के युवा AI के लिए पूरी तरह तैयार हों।

 

 

उन्होंने कहा, 'AI की जरूरत सिर्फ IT सेक्टर में ही नहीं है। AI सीखने वाले युवा खेती के लिए नई तकनीक बना सकते हैं, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर कर सकते हैं, फैक्ट्रियों में काम और उत्पादन बढ़ा सकते हैं और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में अपना स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि हमारे युवा AI को समझें और उसका सही इस्तेमाल करना सीखें, ताकि वे देश और दुनिया की कंपनियों की बदलती जरूरतों को पूरा कर सकें।'

सरकार उठाएगी कोचिंग की जिम्मेदारी

पीएम मोदी तेजी से बदलती दुनिया में  लोगों की जरूरतें और पढ़ाई करने के तरीकों में आए बदलावों का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा कि पहले केवल डिग्री को ज्यादा महत्व दिया जाता था, लेकिन अब डिग्री के साथ-साथ अच्छी स्किल्स होना भी बहुत जरूरी है। पीएम ने सलाह दी कि युवाओं को समय-समय पर अपनी स्किल्स को बेहतर बनाते रहना चाहिए। 

 

पीएम ने कहा कि सरकार शिक्षा नीति और पढ़ाई-लिखाई व प्रशिक्षण की व्यवस्था में बदलाव कर रही है। पीएम ने कोचिंग का जिक्र करते हुए कहा, 'सरकार चाहती है कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर महंगी कोचिंग का बोझ न पड़े। इसलिए छात्रों को देश के अच्छे शिक्षकों से मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग देने की व्यवस्था की जा रही है। जो युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उनकी कोचिंग की जिम्मेदारी सरकार खुद उठाएगी।'

 

यह भी पढ़ें:  'जैसा बाप वैसी शर्मनाक बेटी', महुआ मोइत्रा ने नोएडा की DM मेधा को यह क्यों कहा?

 

यूपीए सरकार पर बोला हमला

पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम के दौरान पिछली यूपीए सरकार पर जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा कि पहले की सरकार में बजट में एक-दो ट्रेनों की घोषणा होती थी। उसके भी सालभर ढोल पीटे जाते थे। अब एक के बाद एक नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पीएम ने यह भी कहा कि इस साल रेल बजट पौने 3 लाख करोड़ से ज्यादा रहा है। इस दौरान पीएम ने बिजली के महत्व पर और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार के कार्यों का भी जिक्र किया। कार्यक्रम के दौरान हजारों युवा पीएम को सुन रहे थे। इस कार्यक्रम को पीएम मोदी की जेन-जी तक पहुंच बनाने के रूप में देखा जा रहा है और पीएम ने कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी बात रखी। 

 

इसके साथ ही पीएम मोदी ने विपक्ष को नाराज फूफा भी बता दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के बाद अब नाराज फुफाओं को एक बार फिर चिल्लाने का मौका मिल जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के कार्यक्रम छात्रों की गूंज का नाम लिए बिना कहा कि अब झूठ की गूंज नहीं बल्कि सच की हुंकार चलेगी।