मशहूर वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक FIR दर्ज की है। यह FIR एक एडिटेड वीडियो पोस्ट करने के संबंध में दर्ज हुई है। इस FIR के मुताबिक, प्रशांत भूषण के X हैंडल से एक ऐसे वीडियो को शेयर किया गया जिसमें रूस के विदेश मंत्री कथित तौर पर भारत विरोधी बातें कर रहे थे। यह भी बताया गया है कि यह वीडियो किसी और हैंडल से पोस्ट किया गया था जिसे प्रशांत भूषण ने शेयर किया था।
प्रशांत भूषण ने अब यह पोस्ट डिलीट कर दिया है लेकिन मूल रूप से इसे पोस्ट करने वाले चैनल 'TheQuotePost' ने इसे अभी भी अपने हैंडल पर बरकरार है। भारत के विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने भी इस वीडियो को गलत बताया था। प्रशांत भूषण ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा था, 'रूस के विदेश मंत्री ने भारत के मुंह पर करारा तमाचा मारा है। जयशंकर रूस को किस तरह की सलाह दे रहे थे?'
यह भी पढ़ें: 'चुनाव नहीं लड़ता तब CM बनता हूं', मुख्यमंत्री बनने के लिए टोटका मान रहे अखिलेश?
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने इस बारे में X हैंडल पर लिखा है, 'दिनांक 03.11.2026 को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान संज्ञान में आया कि सोशल मीडिया हैंडल @thequotesnews द्वारा प्रशांत भूषण के हैंडल @pbhushan1 से रूस के विदेश मंत्री का भारत विरोधी कथित Doctored वीडियो साझा किए जाने का दावा किया गया है। उक्त वीडियो के माध्यम से भ्रामक, मानहानिकारक एवं भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर सार्वजनिक उपद्रव तथा अफवाहें फैलाने का आरोप है। इस संबंध में FIR No. 263/26 तहत धारा 336(4)/353(1)(c)/356/340(2) BNS एवं 66C IT Act में अभियोग PS Special Cell में पंजीकृत कर दिया गया है।'
यह भी पढ़ें: असम फायरिंग केस का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पुलिस बोली, 'हथियार छीन रहा था'
एक वीडियो में यह दिखाया गया कि रूस के विदेश मंत्री सर्गी लावरोज भारत के घरेलू मामलों में दखल दे रहे हैं और रूस का तेल खरीदने को लेकर भारत की आलोचना कर रहे हैं। यह वीडियो भारत के विदेश मंत्री और रूस के विदेश मंत्री लावरोव की मुलाकात के बाद सामने आया। इन दोनों नेताओं की मुलाकात 31 अक्तूबर को अटलांटा में हुई थी।
