कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर केंद्रीय चुनाव आयोग के तीनों कमिश्नरों पर हमला किया है। राहुल गांधी का यह वीडियो चुनाव आयुक्तों के बीत मतभेद का दावा करने वाली एक रिपोर्ट के बाद सामने आया है। करीब 15 सेंकड की वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि जो कुछ भी इलेक्शन कमीशन और इलेक्शन कमिश्नर कर रहे हैं वह देश के खिलाफ है। राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि समय आएगा और हम आपको पकड़ेंगे।
राहुल गांधी की यह वीडियो ऐसे समय में आई है जब इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट ने खलबली मचा दी है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयोग के तीन कमिश्नरों में आपसी सहमति नहीं है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपनी मर्जी से फैसले ले रहे हैं। दावा किया गया है कि पिछले 10 महीनों में 14 मौके ऐसे आए जब बाकी के चुनाव आयुक्त यानी विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू ने कुछ फैसलों पर आपत्ति जताई लेकिन उनकी नहीं सुनाई गई। हालांकि, PTI की रिपोर्ट में कहा गया है कि आपत्ति जताई गई थी लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर SIR का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया था। इस मामले पर तमाम विपक्षी दल अब चुनाव आयोग पर हमलावर हैं।
यह भी पढ़ें: UP राज्यसभा चुनाव: जातीय समीकरण साधने के लिए किन चेहरों को उतारेगी बीजेपी?
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने अपने वीडियो के साथ लिखा, 'वोट चोरी भारतीय जनता के खिलाफ एक अपराध है और हमारे संविधान पर सीधा हमला है। इसे करने वाले बीजेपी, आरएसएस और चुनाव आयोग ने देशद्रोह का काम किया है।' इसके बाद राहुल गांधी ने लिखा कि न्याय होकर रहेगा। उन्होंने अपनी वीडियो में कहा कि मैं इलेक्शन कमीशन और इलेक्शन के अफसरों को साफ कह रहा हूं कि आप जो कर रहे हो गलत कर रहे हो। उन्होंने कहा, 'यह देश के खिलाफ है। समय आएगा और हम आपको पकडेंगे आप बचने वाले नहीं हैं।'
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'जब चुनाव आयोग के अधिकारी इस तरह से काम करते हैं और महज 10 महीनों में 14 मौकों पर आधिकारिक नोट्स के जरिए मुद्दे उठाए जाते हैं, तो कोई केवल अंदाजा ही लगा सकता है कि चुनाव आयोग किसके पक्ष में काम कर रहा था। यह हमारे लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक है। यह उसे कमजोर करने का प्रयास है।' अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में चुनाव बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को चुन-चुन कर हटाया गया था। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर उपचुनावों में भी बड़े पैमाने पर बेईमानी के आरोप लगाए हैं।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने SIR पर सवाल उठाए और कहा कि बिहार और बंगाल के चुनाव को लूट लिया है। उन्होंने कहा, 'यूपी का मॉडल बंगाल में लागू किया गया और पूरी फोर्स लगाकर बंगाल चुनाव एक पार्टी को जितवाया।' अखिलेश यादव ने यूपी में हो रही SIR प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि समाजवादी पार्टी के वोट काटे जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा, 'इस संवैधानिक संस्था के साथ कौन खिलवाड़ कर रहा है सत्ता में बने रहने के लिए। इसका साफ मतलब है कि इस दौरान जो सरकारें बनी हैं वे असंवैधानिक सरकारें हैं।'
यह भी पढ़ें: कमिश्नरों की ही नहीं सुनते CEC ज्ञानेश कुमार? रिपोर्ट पर घिरा चुनाव आयोग
ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। केजरीवाल ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी के आरोप लगाए और कहा कि उनके मुखिया ज्ञानेश कुमार हैं। अरविंद केजरीवाल ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी के साथ-साथ हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार और बंगाल के चुनाव रद्द करने की भी मांग की। इस पूरे मामले पर तमाम विपक्षी दल अब चुनाव आयोग पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
