राहुल गांधी अपनी लव लाइफ का जिक्र मीडिया के सामने करने से अक्सर बचते हैं लेकिन मां सोनिया गांधी के बुक लॉन्च इवेंट में उन्होंने अपनी लव लाइफ से जुड़ा एक रोचक किस्सा बताया। राहुल गांधी ने बताया कि वह एक बार अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी रेस्टोरेंट में गए थे, जहां सालों पहले उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। इसके अलावा राहुल ने अपने परिवार, खासकर सोनिया गांधी के बारे में भी कई बातें बताई थीं।

 

सोमवार को राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ उनकी किताब 'बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव' के लॉन्च इवेंट में पहुंचे थे। राहुल गांधी ने इस इवेंट में कहा कि मेरे माता-पिता के बारे में कई तरह की कहानियां बताई जाती हैं। इनमें से एक बड़ी कहानी यह थी कि वह वर्सिटी रेस्टोरेंट में मिले थे। मैंने भी अपनी गर्लफ्रेंड को वर्सिटी रेस्टोरेंट साथ चलने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि मैं देखना चाहता था कि मेरे माता-पिता कहां मिले थे।

 

यह भी पढ़ें: एक वायरल पर्ची पर बीजेपी में कलह! योगी के कद पर क्यों उठने लगे हैं सवाल?

राहलु गांधी ने क्या कहा? 

राहुल गांधी ने कहा कि कई सालों बाद, जब मैं कैम्ब्रिज में था तो मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं। उन्होंने बताया, 'मैं देखना चाहता था कि मेरे माता-पिता कहां मिले थे। मैं वहां बैठ गया। वेटर मेन्यू लेकर आया, तो मैंने उससे कहा, मेरे माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे। उसने मेरी तरफ देखा और बोला, वह दोनों? मैं उन्हें जानता हूं। मैंने पूछा आप उनके बारे में क्या जानते हैं? उसने कहा, अरे, मुझे अच्छी तरह पता है कि आप किन दोनों की बात कर रहे हैं।' इस किस्से के अलावा राहुल ने अपनी मां से जुड़ा एक और किस्सा शेयर किया था।

कहां है राहुल की गर्लफ्रेंड?

इवेंट के बाद राहुल गांधी से एक पत्रकार ने पूछा, 'एक आखिरी सवाल का जवाब दीजिए, आपकी गर्लफ्रेंड अब कहां हैं?' इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, 'वह दोस्त है।' राहुल गांधी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोनिया के बारे में क्या बोले राहुल?

इस इवेंट में राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी के बारे में एक भावुक कर देने वाला किस्सा बताया। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी मां से बहस करता हूं कि आपकी याददाश्त बहुत अच्छी है। आप कुछ भी नहीं भूलती हैं, सिवाय एक चीज के। अगर उनसे पूछा जाए कि जब पापा की मृत्यु हुई थी, तब क्या हुआ था, तो उन्हें इसके बारे में कुछ भी याद नहीं है।' इसके बाद राहुल ने बताया कि किताब में जो भी लिखा है, उसे सोनिया और प्रियंका गांधी ने मिलकर तैयार किया है।

 

यह भी पढ़ें: एथलीट नीरज यादव ने की खुदकुशी, एशियन पैरा गेम्स में जीते थे 3 गोल्ड मेडल

सोनिया गांधी ने क्यों लिखी किताब?

सोनिया गांधी ने बुक लॉन्च इवेंट में कहा कि किताब लिखने की वजह यह है कि गांधी परिवार के बारे में बहुत कुछ कहा जाता है। लोग जो भी कहते हैं, वह ज्यादातर सच नहीं होता। इसके बाद सोनिया गांधी ने बताया कि उनके और उनके परिवार के बारे में अफवाहें और तरह-तरह की झूठी कहानियां बताई जाती हैं, जिनका सच से कोई लेना-देना नहीं है। इसी वजह से सोनिया ने यह किताब लिखी है। इस किताब में उन्होंने अपने परिवार से जुड़े किस्से शेयर किए हैं।