त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के चलने से बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। उत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली के बीच त्रि-साप्ताहिक एसी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, लखनऊ से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए एक वन-वे स्पेशल ट्रेन भी चलेगी। वहीं, नई दिल्ली और पटना के बीच दो जोड़ी वंदे भारत स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। रेलवे ने इन ट्रेनों का शेड्यूल और स्टॉप की जानकारी जारी कर दी है।
यह भी पढ़ें: दिवाली के अगले दिन पत्थर क्यों मारते हैं लोग? हिमाचल में अनूठी परंपरा
राजेंद्र नगर से नई दिल्ली
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 02309 राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली के बीच 11 नवंबर से 20 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन बुधवार, शुक्रवार और रविवार को कुल 5 फेरे लगाएगी। ट्रेन राजेंद्र नगर टर्मिनल से रात 8:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 02310 नई दिल्ली से 12 नवंबर से 21 नवंबर तक चलेगी।
यह ट्रेन गुरुवार, शनिवार और सोमवार को कुल 5 फेरे लगाएगी। नई दिल्ली से यह ट्रेन शाम 7 बजे खुलेगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी कोच लगाए जाएंगे। रास्ते में पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और गोविंदपुरी स्टेशन पर ठहराव होगा।
लखनऊ से मुंबई
इसके अलावा रेलवे ने ट्रेन नंबर 04258 लखनऊ से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच एक वन-वे आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 10 नवंबर को लखनऊ से रात 9:45 बजे रवाना होगी। अगले दिन यह उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। ट्रेन के वहां पहुंचने का समय तीसरे दिन सुबह 3:35 बजे निर्धारित किया गया है। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा होगी।
दिल्ली से पटना चलेगी वंदे भारत
त्योहारों में बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने नई दिल्ली और पटना के बीच दो जोड़ी वंदे भारत आरक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का भी फैसला किया है। पहली ट्रेन नंबर 02258 नई दिल्ली से 11 नवंबर को सुबह 5 बजे रवाना होगी और शाम 6:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 02257 पटना से 12 नवंबर को सुबह 8 बजे खुलेगी और रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, दूसरी ट्रेन नंबर 02436 नई दिल्ली से 13 नवंबर को सुबह 8:35 बजे रवाना होकर रात 9:30 बजे पटना पहुंचेगी। इसकी वापसी ट्रेन नंबर 02435 पटना से 14 नवंबर को सुबह 8 बजे खुलेगी और रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में 20 लाख की अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से भारत ला रहे थे
किन स्टेशनों पर रुकेगी वंदे भारत?
दोनों वंदे भारत स्पेशल ट्रेनों का ठहराव अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में होगा। रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने और सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए ये ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
