देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है और पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में भारी बारिश के कारण जलभराव की समस्या देखने को मिली है। इसी बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में आज यानी 19 अगस्त को भी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश समेत मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक खास तौर पर पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगंढ़ और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी जमकर बारिश होगी। मौसम विभाग ने देश के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

 

मौसम विभाग ने आज दिल्ली में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आमतर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई जगह हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। शाम-रात में भी हल्की बारिश के आसार हैं। तापमान करीब 32-34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 

यह भी पढ़ें: नेत्रहीन रेल कर्मियों का सहारा बना उत्तर रेलवे, बांटे 123 AI स्मार्ट ग्लासेस

 

यूपी में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर आज मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। आज यानी 19 अगस्त को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर और महोबा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। इन इलाकों में रेड अलर्ट बताया गया है। वहीं फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, हमीरपुर और ललितपुर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा गाजीपुर, आजमगढ़, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, औरैया, जालौन और झांसी समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।

किन राज्यों में अलर्ट?

उत्तर प्रदेश के अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश में 19 अगस्त को भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 18 अगस्त को यहां कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान था और 19 अगस्त को भी भारी बारिश की चेतावनी बनी हुई है। झारखंड में भी बारिश का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने 18-19 अगस्त को व्यापक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। 18 अगस्त को राज्य में अत्यधिक भारी बारिश की भी चेतावनी थी। 19 अगस्त को बिहार के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। राज्य में 18 अगस्त को भी भारी बारिश दर्ज की गई थी, जिसमें गया में 12 सेमी बारिश हुई।

 

ओडिशा में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ओडिशा में बीते एक सफ्ताह से जमकर बारिश हो रही है और 18 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई थी और 18-19 अगस्त को व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में 19 अगस्त को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरबा में 18 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिम बंगाल की बात करें तो यहां गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। पिछले 24 घंटे में गंगीय पश्चिम बंगाल के बनपुर में 22 सेमी बारिश दर्ज की गई।

पूर्वोत्तर में बारिश

पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो यहां अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 से 24 अगस्त तक पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम और मेघालय में 19 से 24 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है। 

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन फिर गिरफ्तार, जल बोर्ड केस में एक्शन

पहाड़ी राज्यों का हाल

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। उत्तराखंड में 19 अगस्त को कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है और यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में 19 अगस्त को भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि 20 और 21 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। शिमला, सोलन और सिरमौर समेत कई जिलों में खास सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 19-20 अगस्त के दौरान बारिश का दौर जारी रहने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।