अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी मामले में पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रतिक्रिया सामने आई है। आरएसएस के सरकार्यवाह यानी महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना ने पूरे समाज की भावनाओं और आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। संघ ने राम मंदिर की दान पेटियों से चोरी को दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। साथ ही उसका कहना है कि वह इस चोरी से बहुत दुखी और आक्रोशित है।

 

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि हिंदू विरोधी और राष्ट्रविरोधी ताकतें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर हिंदू धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने पूरे हिंदू समाज से भी अपील की कि वह इस कठिन समय में धैर्य और संयम बनाए रखें जिससे कि इस तरह की सभी साजिशों को नाकाम किया जा सके।

 

यह भी पढ़ें: देश में फर्जी वेबसाइटों पर एक्शन से क्यों बढ़ी GoDaddy की टेंशन?

कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए

होसबाले ने एक बयान में कहा, 'अयोध्या स्थित श्रीराम लला मंदिर में रखे दानपात्रों से चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे समाज और रामभक्तों की भावनाओं तथा आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। इस घटना से हम सभी बहुत दुखी और आक्रोशित हैं।' होसबाले ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत पूरे हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि वह इस अत्यंत निंदनीय घटना को असाधारण मामला मानते हुए मंदिर के प्रबंधन और संचालन में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए।

 

 

 

भ्रम की स्थिति समाप्त होनी चाहिए

उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मौजूदा भ्रम और अनिश्चितता की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। होसबाले ने कहा, 'इस संबंध में हमें अपेक्षा है कि मंदिर प्रबंधन और सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) सभी जरूरी कदम उठाएंगे।'

 

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में स्कूलों के पास एनर्जी ड्रिंक बेचने पर रोक क्यों? वजहें समझिए

श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र है मंदिर

उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष तथा करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान के कारण पूरे हिंदू समाज की श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र है। उन्होंने कहा, 'हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन के लिए पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और शुचिता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाए रखेगा।'