कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से जुड़ गईं। अपने पहले पोस्ट में उन्होंने आने वाले संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' की पहली झलक दिखाने वाला वीडियो साझा किया।
पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लोगों का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि वह इस पल को सबके साथ शेयर करके बहुत आभारी हैं। उन्होंने लिखा गया कि यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है, जिसे वह लोगों के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं।
यह भी पढ़ें: पेंगुइन ने सोनिया गांधी की किताब छापने से क्यों किया इनकार? खुद बताई असली वजह
सोनिया गांधी, नेता, संसदीय दल कांग्रेस:-
नमस्ते। आप सबके साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की पहली झलक। यह कहानी है प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनी जगह खोजने की। मुझे आप सबके साथ इसे साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।
किताब में क्या है?
'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' संस्मरण में सोनिया गांधी के जीवन का सफर दर्ज है। इसमें युद्ध के बाद के इटली में उनका बचपन है और वह प्रेम कहानी है जो उन्हें भारत लाई। किताब में उन पहलुओं जिक्र भी है, जिन्होंने उनके जीवन और उनके अपनाए देश से उनके रिश्तों को गहराई से प्रभावित किया।
सोनिया गांधी कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाली नेता हैं। उनकी उम्र अब 79 साल हो गई है। किताब में उन्होंने अपने बचपन के बारे में भी बात की। उन्होंने कैम्ब्रिज के दिनों में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते के बारे में भी लिखा है। किताब में उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्या का भी जिक्र है।
कब आएगी किताब?
प्रकाशक अल्फ्रेड ए नॉफ ने 18 अगस्त को एलान किया था कि किताब 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। अल्फ्रेड ए नॉफ, नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप की यूनिट है। यह ग्रुप पेंगुइन रैंडम हाउस एलएलसी का हिस्सा है। इसकी मूल कंपनी बर्टेल्समान एजी है जो एक इंटरनेशनल मीडिया कंपनी है।
यह भी पढ़ें: क्या गायब हो गए नेहरू के दस्तावेज? सरकार ने सोनिया गांधी का नाम लेकर दिया जवाब
सोनिया और राजीव कैसे मिले?
सोनिया गांधी का जन्म इटली में हुआ था। वह 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में पढ़ रहीं थीं। जीवन के 19वें बसंत में उन्हें राजीव गांधी से प्यार हुआ। 3 साल बाद दोनों ने जिंदगी साथ बिताने का फैसला किया। 25 फरवरी 1968 को दोनों ने शादी रचा ली।
किताब पर राहुल गांधी ने क्या लिखा?
राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब को लेकर खुशी जताई थी। उन्होंने लिखा कि उन्हें खुशी और गर्व है कि मां की कहानी अब उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी जो उनसे प्यार करते हैं।
राहुल ने कहा कि वह जानते हैं कि प्राइवेसी पसंद करने वाली मां के लिए अपनी कहानी दुनिया को बताना कितना कठिन रहा होगा। उन्होंने यह भी लिखा कि पिता के जन्मदिन पर वह उन्हें अपनी प्यारी सोनिया को गर्व से देखते हुए महसूस कर सकते हैं।
